बरेली: ठगी के आरोपी कन्हैया गुलाटी गैंग पर एक और रिपोर्ट दर्ज, आरके गोला के खिलाफ दो नए मामले
कन्हैया गुलाटी और आरके गोला दोनों पर करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप है। दोनों के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई मामले दर्ज हो चुके हैं। नए मामले कोर्ट के आदेश पर दर्ज कराए गए हैं।
विस्तार
बरेली में कैनविज कंपनी के जरिये लोगों को ठगने के आरोपी कन्हैया गुलाटी और उसके साथियों पर बारादरी थाने में नई रिपोर्ट कराई गई है। जबकि, आईसीएल कंपनी के जरिये ठगी करने के आरोपी रूपकिशोर गोला पर प्रेमनगर थाने में दो नई रिपोर्ट दर्ज कराई गई हैं। यह तीनों मामले न्यायालय के आदेश पर दर्ज कराए गए हैं।
आंवला के गांव रेवती निवासी अजेंद्र सिंह ने बताया कि उनकी जान पहचान हेमंत पटेल से थी। हेमंत ने उन्हे डीडीपुरम स्थित कैनविज के दफ्तर बुलाया। दफ्तर में होमगार्ड नरेश पटेल, प्रवेश मिश्रा व कन्हैया गुलाटी, सोमपाल पटेल आदि मिले।
झांसा देकर जमा कराई रकम
इन लोगों ने बताया कि एक लाख रुपये निवेश करने पर पांच प्रतिशत ब्याज हर माह दिया जाएगा और दो साल बाद जमा रकम लौटा दी जाएगी। इसके बाद कंपनी के जाली दस्तावेज दिखाकर झांसे में लेकर लाखों रुपये निवेश करा लिए। अजेंद्र ने एक लाख रुपये केएम एसोसिएट्स में जमा किए। एक लाख रुपये हेमंत पटेल को दिए और चार लाख रुपये हेमंत की पत्नी अल्पना के खाते में ट्रांसफर किए।
हेमंत और अल्पना ने उनसे कहा था कि तुम्हारा रुपया डूबेगा तो उसे हम लौटाएंगे। अब रुपये मांगने पर नोटिस भेजकर ब्लैकमेल किया जा रहा है। जान से मारने की धमकी दी जा रही है। अजेंद्र की शिकायत पर बारादरी थाने में गुलाटी समेत अन्य आरोपियों पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रूप किशोर गोला के गुर्गे नई कंपनी का प्रचार-प्रसार कर लोगों को झांसे में ले रहे हैं। पुलिस अब नई कंपनी की पड़ताल कर रही है। नरेंद्र पहले भी प्रेमनगर थाने में गोला गैंग पर एक दर्जन मामले दर्ज करा चुके हैं। अब दो नई रिपोर्ट दर्ज की गई हैं। प्रेमनगर पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है।
एसपी सिटी चिराग जैन ने बताया कि आरके गोला और गुलाटी गिरोह के खिलाफ धोखाधड़ी के जो भी नए मामले आ रहे हैं, दर्ज किए जा रहे हैं। विवेचना में अगर गिरफ्तारी की धारा लगेगी तो पुलिस टीम गिरफ्तारी भी करेगी। अधिकतर पुराने मामलों में आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट लगाई जा चुकी हैं।
बदायूं के नरेंद्र ने फिर कराई एफआईआर
बदायूं के कछला क्षेत्र निवासी नरेंद्र सिंह ने प्रेमनगर थाने में रिपोर्ट करराई है कि 2012 में उनकी दुकान पर आरके गोला, अनिल सहू, जितेंद्र गुप्ता, दीपक भटनागर, आनंद गोला, नंदन कुमार, अवधेश गोला और दिनेश आदि लोग आए थे। इन लोगों ने आईसीएल म्यूचुअल बेनिफिट्स कंपनी के बारे में बताया। नरेंद्र को कंपनी में कम समय में मोटा मुनाफा होने का सपना दिखाया।
नरेंद्र पर कंपनी में काम करने का दबाव डाला। मना करने पर बोले कि काम मत करो, लेकिन कंपनी के परामर्शदाता बन जाओ। नरेंद्र के परामर्श पर बदायूं के खंगार नगला निवासी संजू यादव ने 30 हजार रुपये निवेश किया था। पॉलिसी के अनुसार संजू को 58,227 रुपये वापस मिलने थे। वहीं कछला निवासी सुधा देवी ने 30 हजार रुपये निवेश किया था। पॉलिसी के अनुसार सुधा को 61,500 रुपये मिलने थे।
समय पूरा होने पर रूपकिशोर गोला और जितेंद्र गुप्ता से भुगतान के लिए कहा तो उन्होंने मना कर दिया। सुधा और संजू कंपनी के गांधीनगर स्थित दफ्तर गए तो पता चला कि कंपनी का काम अकील अहमद, अमित शर्मा, श्रीराम, पुष्पेंद्र और दो अज्ञात लोग कर रहे हैं। इन लोगों ने नई फैमिली कंपनी लिमिटेड में निवेश करने पर रुपये लौटाने का झांसा दिया।
