बरेली: छह महीने के लिए जिला बदर किया गया शातिर अफसर, पुलिस ने उत्तराखंड की सीमा पर छोड़ा
बरेली में पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में लिप्त शातिर अफसर को छह महीने के लिए जिला बदर कर दिया है। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश पर उसे जनपद की सीमा से बाहर उत्तराखंड के पुलभट्टा बॉर्डर पर छोड़ा गया।
विस्तार
बरेली जिले में बहेड़ी थाना पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों में लिप्त शातिर अफसर को छह महीने के लिए जिला बदर कर दिया। जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने उसे जनपद की सीमा से बाहर कर उत्तराखंड के पुलभट्टा बॉर्डर पर छोड़ा। उसे हिदायत दी गई कि जिला बदर की अवधि में बरेली की सीमा में प्रवेश न करे।
सीओ बहेड़ी अरुण कुमार के मुताबिक बहेड़ी कस्बे के मोहल्ला शेखूपुर निवासी करीब 27 वर्षीय अफसर के खिलाफ बरेली, रामपुर और पीलीभीत में चोरी, मारपीट, धमकी और आर्म्स एक्ट समेत नौ मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि उसकी आपराधिक गतिविधियों के चलते इलाके में भय का माहौल बना हुआ था।
जिला मजिस्ट्रेट के न्यायालय में उत्तर प्रदेश गुंडा नियंत्रण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई थी। आदेश के बाद छह नवंबर को बहेड़ी पुलिस ने अफसर को जनपद सीमा से बाहर कर दिया। नौ मुकदमों में नाम अफसर के खिलाफ बहेड़ी थाने में वर्ष 2021, 2022, 2023 और 2025 में चोरी, मारपीट व अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पीलीभीत के थानों में भी दर्ज हैं मुकदमे
इसके अलावा रामपुर के कैमरी थाने में 2023 व 2024, पीलीभीत के जहानाबाद, अमरिया और न्यूरिया थानों में 2024 तथा देवरनियां थाने में 2024 में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें चोरी, माल बरामदगी, मारपीट, आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराएं शामिल हैं। कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक बहेड़ी दिनेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।