CM Yogi Bareilly Visit: सीएम योगी बोले- 2017 से पहले नौकरियों पर डाला जाती थी डकैती, चाचा-बबुआ करते थे वसूली
CM Yogi News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली को कई विकास योजनाओं की सौगात दी। उन्होंने 223 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही जिले में होने वाले 322 विकास कार्यों का शिलान्यास भी किया। इस मौके पर बरेली कॉलेज मैदान में जनसभा को संबोधित करते हुए पिछली सरकारों पर जमकर निशाना साधा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को बरेली में कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश के युवाओं के सामने पहचान का संकट था। सरकारी नौकरियों पर डकैती डाली जाती थी। कहीं चाचा वसूली के लिए निकलते थे, कहीं बबुआ...। कहीं भतीजा तो कहीं भाई वसूली करता था। हमारी सरकार ने पिछले आठ साल में साढ़े आठ लाख युवाओं को पारदर्शी तरीके से सरकारी नौकरी दी है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बरेली कॉलेज के मैदान में 2264 करोड़ रुपये की 545 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में रोजगार मेले के माध्यम से 100 से ज्यादा कंपनियों के लिए चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए। इस दौरान जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला।
यह भी पढ़ें- UP: सीएम योगी ने बरेली को दी 22.64 अरब के विकास कार्यों की सौगात, मंडल को मिला पहला यूनानी मेडिकल कॉलेज
उन्होंने कहा कि सपा सरकार के दौरान सरकारी नौकरियों की बंटरबांट होती थी। सरकारी नौकरियों के लिए वसूली करने वाले रिश्तों को देखकर हर कोई असमंजस में रहता था। लोग कहते थे कि महाभारत में ही यह रिश्ते देखे थे। नौजवानों की नौकरी पर भी यह रिश्ते कैसे लूट मचाए हुए हैं।
युवाओं को किया प्रेरित
उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना का लाभ लेने के लिए युवाओं को प्रेरित किया। कहा कि इस योजना में युवाओं को उद्यम के चयन और प्रशिक्षण के साथ पांच लाख रुपये तक गारंटी मुक्त और ब्याज मुक्त ऋण मिलता है। समय से भुगतान करने पर 7.5 लाख रुपये और फिर 10 लाख रुपये तक का ऋण उपलब्ध कराया जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले युवाओं के लिए योजनाएं ही नहीं बनती थी। अब डबल इंजन की सरकार में युवाओं के लिए योजनाओं और अवसर की कोई कमी नहीं है।
12 हजार बेटियों को मौका मिला, जनप्रतिनिधि करें सम्मान
सीएम योगी ने कहा कि इन दिनों प्रदेश में 60 हजार से अधिक पुलिसकर्मी ट्रेनिंग ले रहे हैं। इनमें 12 हजार से अधिक बेटियां शामिल हैं। जनप्रतिनिधियों से आग्रह है कि ट्रेनिंग ले रहे पुलिसकर्मियों के परिजनों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित करें। ताकि अभिभावकों को लगे कि उनका बेटा-बेटी सही राह पर चल निकला है और समाज में प्रेरणा का संचार हो। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में सरकारी नौकरी केवल परिवार विशेष के लिए नहीं है। अब युवाओं को बिना भेदभाव के अवसर मिल रहे हैं।
यह भी पढ़ें- UP: सावन में बरेली को 'रुद्रावनम' की सौगात, सीएम योगी ने किया शिलान्यास; जानें इस पार्क की विशेषता
अच्छी सरकार विकास समृद्धि लेकर आती है- योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सावन माह में नाथनगरी में आकर महादेव के चरणों में नमन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। बरेली की जनता को विकास कार्यों के लिए बधाई। उन्होंने कहा कि जब अच्छी सरकार आती है तो विकास और समृद्धि साथ लेकर आती है। यह वही बरेली है, 2017 से पहले दंगे का दाग लगता था। बरेली दंगाग्रस्त जनपद बन गया था। लेकिन 2017 के बाद दंगा नहीं बल्कि आज नाथ कॉरिडोर से बरेली की पहचान बन गई है। मुख्यमंत्री ने शहर के सात नाथ मंदिरों का जिक्र किया।
मुख्यमंत्री बोले- कांवड़ यात्रा सामाजिक एकता का प्रतीक
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांवड़ यात्रा अब सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुकी है। कुछ असामाजिक तत्व कांवड़ यात्रा को बदनाम करने की साजिश रचते हैं। मगर, समाज की जागरूकता और प्रशासन की तत्परता से ऐसे तत्व विफल हो जाते हैं। बरेली में सावन में लाखों श्रद्धालुओं ने नाथ गलियारे में जलाभिषेक कर अपनी आस्था प्रकट की, जो शहर की नई पहचान बन रही है।
सीएम योगी ने कहा कि हम विकास की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव के हर किसी को देंगे। लेकिन अगर कोई मानता हो कि किसी विशेष रूप से उनके लिए पिछली सरकारों की तर्ज पर योजनाएं बनेंगी। अब वो नहीं हो सकता है। अब नया भारत है, योजनाओं में भेदभाव नहीं करता है। उत्तर से दक्षिण तक, पूर्व से पश्चिम तक पूरे भारत को जोड़ने में विश्वास रखता है।
8, 9 और 10 अगस्त को महिलाओं के लिए नि:शुल्क यात्रा
मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन पर 8, 9 और 10 अगस्त को प्रदेश की सरकारी बसों में महिलाओं के लिए निःशुल्क यात्रा की घोषणा की। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था नगर परिवहन और परिवहन निगम की बसों में बहनों के लिए एक सहयात्री के साथ लागू रहेगी। सीएम ने साफ-सफाई को नागरिक जिम्मेदारी बताते हुए स्वतंत्रता दिवस और जन्माष्टमी से पहले विशेष स्वच्छता अभियान चलाने की अपील की।
मंडल को मिला पहला यूनानी मेडिकल कॉलेज
मुख्यमंत्री योगी सुबह 10:40 बजे सर्किट हाउस पहुंचे। उन्होंने करीब एक घंटे तक जनप्रतिनिधियों के साथ मंडलीय बैठक की। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी जनसभा स्थल बरेली कॉलेज पहुंचे। मंच पर सीएम योगी का डमरुओं की निनाद से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री योगी ने बटन दबाकर 322 विकास कार्यों का शिलान्यास और 223 योजनाओं का लोकार्पण किया। हजियापुर में बनकर तैयार यूनानी मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण भी किया गया। यह बरेली मंडल का पहला यूनानी मेडिकल कॉलेज है। इसके शुरू होने के बाद मंडल में इलाज के साथ पढ़ाई की राह आसान होगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह राजनीतिक नेतृत्व पर निर्भर करता है कि वह पुलिस के हथियार का मुंह किधर तय करता है। उन्होंने कहा कि आप लोग याद करिए, यह वही प्रदेश है जिसमें 2017 से पहले समाजवादी पार्टी की सरकार ने प्रत्येक जिले में चार माफिया तैयार किए थे। वह माफिया थानों, जिले व तहसीलों के संसाधनों और गरीबों की जमीन पर कब्जा करते थे।
वह माफिया व्यापारियों को तबाह करके पूरे जिले में हाहाकार मचाते थे। दंगाई खुलेआम गुंडागर्दी करते थे, आगजनी करते थे। बहन-बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करते थे। 2017 के बाद वही पुलिस जब उन दंगाइयों और माफियाओं पर काल बनकर टूट पड़ी तो वह गायब हो गए।
- अच्छे जनप्रतिनिधि आप चुनते हैं तो वह विरासत को विकास के साथ आगे बढ़ाते हैं
- पिछली सरकारें दंगों के साथ आपके सामने पहचान का संकट खड़ा करतीं थीं
- तुष्टिकरण नहीं संतुष्टिकरण के लिए समर्पित है भाजपा की डबल इंजन सरकार
- बीडीए, नगर निगम और जनप्रतिनिधियों के विकास कार्य बना रहे न्यू बरेली
- बरेली में प्रति व्यक्ति आय में बढ़ोतरी हुई, आधारभूत सुविधाएं विकसित हुईं।