Bareilly News: जिले के 18 नगर निकायों का बोर्ड भंग, प्रशासकीय व्यवस्था लागू
बरेली में एक नगर निगम, चार नगर पालिका और 15 नगर पंचायतें हैं। इनमें से 18 निकायों का कार्यकाल पूरा हो गया है। पालिका और नगर पंचायतों में जिलाधिकारी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय समिति में नामित अधिकारी कामकाज संपन्न कराएंगे।
विस्तार
बरेली जिले की 18 नगर निकायों में बोर्ड का कार्यकाल पूरा होने के बाद अब प्रशासकीय व्यवस्था लागू हो गई है। नवाबगंज नगर पालिका बोर्ड का कार्यकाल 13 मार्च को खत्म होने के बाद यहां भी तीन सदस्यीय संचालन समिति प्रभावी हो जाएगी। 23 जनवरी को कार्यकाल पूरा होने के बाद नगर निगम बोर्ड भी भंग हो जाएगा।
निर्धारित तिथि पर निकाय चुनाव न होने से पिछले दिनों प्रमुख सचिव ने सभी निकायों में बोर्ड का कार्यकाल समाप्त होने पर प्रशासकीय व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए थे। इसके तहत निकायों में डीएम प्रशासक होंगे। उनकी अध्यक्षता में गठित तीन सदस्यीय समिति निकायों का संचालन करेगी।
बरेली में एक नगर निगम, चार नगर पालिका और 15 नगर पंचायतें हैं। इनमें से 18 निकायों का कार्यकाल पूरा हो गया है। पालिका और नगर पंचायतों में जिलाधिकारी के नेतृत्व में तीन सदस्यीय समिति में नामित अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) ऋतु पूनिया और संबंधित निकाय के अधिशासी अधिकारी अब कामकाज संपन्न कराएंगे।
नगर निगम में डीएम अध्यक्ष, नगर आयुक्त और सीटीओ सहयोगी
शासनादेश के तहत बरेली नगर निगम बोर्ड का कार्यकाल पूरा होने पर संचालन के लिए तीन सदस्यीय समिति गठित कर दी गई है। डीएम इसके अध्यक्ष होंगे। नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स, मुख्य कोषाधिकारी पारसनाथ गुप्ता सहयोगी नामित किए गए हैं। जिलाधिकारी के मुताबिक सिर्फ दो निकायों को छोड़कर सभी का कार्यकाल पूरा हो गया है। शेष का जैसे-जैसे कार्यकाल पूरा होगा, वहां समिति जिम्मेदारी संभालेगी।
इनका पूरा हुआ कार्यकाल
नगर पालिका में आंवला बोर्ड का कार्यकाल पिछले साल 23 दिसंबर, बहेड़ी बोर्ड का छह जनवरी और फरीदपुर का सात जनवरी 2023 को पूरा हुआ। नगर पंचायतों में फरीदपुर बोर्ड का कार्यकाल पिछले साल 18 दिसंबर, रिठौरा का 31 दिसंबर, रिछा का 14 दिसंबर को, बिशारतगंज, मीरगंज, ठिरिया निजावत खां, सिरौली, फतेहगंज पश्चिमी, शेरगढ़, शाही, धौराटांडा और देवरनिया का छह जनवरी, फतेहगंज पूर्वी का सात जनवरी, शीशगढ़ का पांच जनवरी को कार्यकाल पूरा हो चुका है। प्रशासक तैनात हैं।