बरेली: नगर निगम के पार्क को गोद लेगा बीडीए, कराया जाएगा सुंदरीकरण
बीडीए शहर के बदहाल पार्कों का कायाकल्प करेगा। इसके लिए नगर निगम के एक पार्क को गोद लिया जाएगा। डीडीपुरम, तपेश्वरनाथ और प्रेमनगर के तीन पार्कों को चिह्नित किया गया है।
विस्तार
बरेली के पार्कों की बदहाल सूरत बदलने की कवायद शुरू हो गई है। बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) नगर निगम के एक पार्क को गोद लेकर उसका समग्र विकास करेगा। इसके लिए बीडीए ने शहर के तीन पार्कों को चिह्नित किया है। इनमें डीडीपुरम, तपेश्वरनाथ व प्रेमनगर के पार्क शामिल हैं। इन तीनों की स्थिति का निरीक्षण करने के बाद किसी एक पार्क का चयन किया जाएगा। अवस्थापना निधि से पार्क का सुंदरीकरण कराया जाएगा।
बीडीए की योजना पार्क को केवल हराभरा करने तक सीमित रखने की नहीं है, बल्कि उसे शहरवासियों के लिए बेहतर सार्वजनिक सुविधा के रूप में विकसित करने की है। पार्क में हरी घास, आकर्षक पौधों व फूलों की क्यारियां, छायादार पौधे, बैठने के लिए बेंच, पाथवे और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की जाएगी। साथ ही बच्चों के लिए झूले, स्लाइड, अन्य खेल उपकरण, युवाओं के लिए ओपन जिम, योग स्थल, बुजुर्गों के लिए अलग से बैठने की व्यवस्था भी की जा सकती है।
रेन वाटर हार्वेस्टिंग, पेयजल व शौचालय की होगी व्यवस्था
पार्क में बारिश के पानी के संरक्षण के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग व पार्क में जल निकासी की समुचित व्यवस्था भी विकसित की जा सकती है। पेयजल, डस्टबिन, कूड़ा पृथक्करण की व्यवस्था व शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। सुरक्षा के लिए प्रवेश द्वार, बाउंड्रीवाल पर फेंसिंग व सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जाएंगे।
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने बताया कि बीडीए अधिकारियों के अनुसार तीनों पार्कों का स्थलीय निरीक्षण कर उनकी स्थिति, क्षेत्रफल व विकास की संभावनाओं का आकलन किया जाएगा। इसके बाद पार्क का चयन कर वहां कायाकल्प कर विकास कराया जाएगा। यहां पर पेयजल, बच्चों के मनोरंजन, योग, रेन वाटर हार्वेस्टिंग, सीसीटीवी आदि की सुविधाएं रखीं जाएंगी।