बरेली: मुठभेड़ में चोरी का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली; रोते हुए बोला- साहब! अब कभी गलती नहीं करूंगा
बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में शुक्रवार रात चोरी के मामले में वांछित आरोपी से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इसमें आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान एक सिपाही भी घायल हुआ है। दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।
विस्तार
बरेली में इज्जतनगर थाना पुलिस ने शुक्रवार रात कलापुर पुलिया नहर के पास चेकिंग के दौरान मुठभेड़ के बाद एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लगी। आरोपी की गोली से सिपाही निशू तिवारी भी घायल हो गए। आरोपी के कब्जे से तमंचा, तीन खोखे, बिना नंबर की बाइक, चोरी के दो मोबाइल फोन, सफेद धातु के आठ सिक्के और 30,220 रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद का वीडियो जारी किया है, जिसमें आरोपी रोते हुए माफी मांगता नजर आ रहा है।
पुलिस के मुताबिक, 13 अक्तूबर को उत्सव महानगर पार्ट-2 निवासी श्याम बिहारी लाल परिवार के साथ बाजार गए थे। इसी दौरान चोर किचन की खिड़की की ग्रिल निकालकर घर में घुसे और अलमारी का लॉकर तोड़कर सोने-चांदी के जेवरात और 30 हजार रुपये चोरी कर ले गए थे। मामले में 14 अक्तूबर को इज्जतनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कर चोरों की तलाश की जा रही थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस पर की फायरिंग
शुक्रवार रात करीब 9:55 बजे पुलिस टीम कलापुर पुलिया नहर के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मलपुर की ओर से बाइक पर आए युवक को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस के अनुसार, युवक बाइक मोड़कर भागने लगा और बाइक फिसल गई। पुलिस ने उसे पकड़ने का प्रयास किया तो उसने टीम पर फायरिंग कर दी। गोली लगने से आरक्षी निशू तिवारी घायल हो गए।
सीबीगंज क्षेत्र का रहने वाला है आरोपी
इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिर गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम संजय गिरी (30) पुत्र नरेश गिरी निवासी चंद्रपुर जोगियान, सीबीगंज बताया। वर्तमान में वह राजस्थान के भिवाड़ी स्थित कालू कॉलोनी, सैथल खां में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, तीन खोखे, बिना नंबर की बाइक, आठ सफेद धातु के सिक्के, 30,220 रुपये और दो मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस का दावा है कि मोबाइल फोन, सिक्के और नकदी इज्जतनगर थाने में दर्ज चोरी के मुकदमे से संबंधित हैं। एएसपी शिवम आशुतोष सिंह ने बताया कि घायल आरोपी और आरक्षी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। आरोपी के खिलाफ मुठभेड़ और आर्म्स एक्ट की धाराओं में भी रिपोर्ट दर्ज की गई है।
