UP: बरेली रेंज के डीआईजी अजय साहनी को तीसरी बार मिला राष्ट्रपति वीरता पदक, डीजीपी ने किया सम्मानित
बरेली रेंज के डीआईजी अजय कुमार साहनी को अदम्य साहस और उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए तीसरी बार प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति वीरता पदक’ से सम्मानित किया गया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लखनऊ में आयोजित समारोह में डीजीपी राजीव कृष्ण ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
विस्तार
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बरेली परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) अजय कुमार साहनी को अदम्य साहस और उत्कृष्ट पुलिस सेवा के लिए तीसरी बार प्रतिष्ठित ‘राष्ट्रपति वीरता पदक’ से सम्मानित किया गया। 15 अगस्त को पुलिस मुख्यालय लखनऊ में आयोजित समारोह में डीजीपी राजीव कृष्ण ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया।
अजय कुमार साहनी को यह पदक वर्ष 2020 में मेरठ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के पद पर तैनाती के दौरान किए गए एक साहसिक पुलिस ऑपरेशन के लिए प्रदान किया गया है। 25/26 जनवरी 2020 की रात मेरठ पुलिस टीम ने उनके नेतृत्व में कुख्यात और वांछित अपराधी चांद उर्फ काले के खिलाफ मुठभेड़ की थी। इस मुठभेड़ में चांद उर्फ काले मारा गया था। मौके से बड़ी मात्रा में अवैध शस्त्र और लूट का सामान बरामद किया गया था।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: विधायक कार्यालय के पास हिस्ट्रीशीटर ने की कई राउंड फायरिंग, जान बचाकर भागे लोग
कुख्यात अपराधी था काले
चांद उर्फ काले अंतरजनपदीय लूट गिरोह का सरगना था और उसके खिलाफ करीब तीन दर्जन मुकदमे दर्ज थे। वह मेरठ, मुजफ्फरनगर और आसपास के जनपदों में बैंक लूट, व्यापारी से लूट, ज्वैलरी शॉप लूट, पेट्रोल पंप लूट, किराना व्यापारी से लूट तथा चोरी समेत कई संगीन मामलों में वांछित था।
तीसरी बार मिला प्रतिष्ठित सम्मान
कुख्यात बदमाश चांद के खिलाफ मेरठ जोन स्तर से एक लाख रुपये और सहारनपुर परिक्षेत्र स्तर से 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस टीम द्वारा चलाए गए इस सफल ऑपरेशन में नेतृत्व और साहस के लिए अजय कुमार साहनी को राष्ट्रपति वीरता पदक से सम्मानित किया गया। तीसरी बार यह प्रतिष्ठित सम्मान मिलना उनके पुलिस सेवा करियर की उल्लेखनीय उपलब्धि माना जा रहा है।