Amritpal Singh Case: बरेली जोन में अलर्ट जारी, भारत-नेपाल के गौरीफंटा बॉर्डर पर भी सघन चेकिंग
बरेली जोन के एडीजी पीसी मीना ने पूरे जोन में अलर्ट जारी कर दिया है। इसके बाद सभी नौ जिलों में सतर्कता बढ़ा दी गई है। वाहनों की चेकिंग की जा रही है।
विस्तार
खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह को लेकर एडीजी की ओर से बरेली जोन में अलर्ट जारी किया गया है। पीलीभीत जिले की सीमा पर ज्यादा निगरानी बढ़ाने का निर्देश है। बता दें कि पीलीभीत की सीमा नेपाल से लगती है। पुलिस के साथ ही खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट हैं। लखीमपुर खीरी के गौरीफंटा बॉर्डर पर एसएसबी के जवान सघन चेकिंग कर रहे हैं।
बरेली जिले से सटे रेंज के पीलीभीत, मुरादाबाद और रामपुर में सिख समुदाय अच्छी संख्या में है। इस लिहाज से बरेली जोन के एडीजी पीसी मीना ने पूरे जोन में अलर्ट जारी कर दिया है। सभी नौ जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अपने यहां सीमा क्षेत्र पर निगरानी बढ़ाने और संदिग्धों की जांच के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद पुलिस जगह-जगह चेकिंग कर रही है।
यह भी पढ़ें- Up Board Exam 2023: 'योगी जी की जय... पावर ऑफ बुलडोजर', छात्रों ने कॉपियों में लिखीं अजब बातें, परीक्षक हैरान
गौरीफंटा बॉर्डर पर सघन चेकिंग
लखीमपुर खीरी जिले में भारत-नेपाल के गौरीफंटा बॉर्डर पर हर आने-जाने वालों पर नजर रखी जा रही है। खुफिया एजेंसियां भी अलर्ट हो गईं है। एसएसबी द्वारा बॉर्डर पर नेपाल से भारत व भारत से नेपाल जाने वाले लोगों का आईडी कार्ड आदि देखकर जाने दिया जा रहा है। इसके अलावा दिल्ली, हरियाणा व पंजाब से आने वाली गाड़ियों पर विशेष नजर रखी जा रही है। डॉग स्क्वायड के जरिए भी बॉर्डर पर निगरानी की जा रही है।