वैक्सीन लगवाने का ऐसा डर: नाविक ने टीका लगाने गए स्वास्थ्यकर्मी को उठाकर पटका, दूसरा पेड़ पर चढ़ा, देखें वायरल VIDEO
वायरल हो रहे इस वीडियो में युवक कोरोना वैक्सीन से इस कदर डरा हुआ है कि वह भागने पर उतारू है। लोग उसे पकड़ रहे हैं और वह उनसे मिन्नतें कर रहा है। इस दौरान वह कभी जमीन पर लेट जाता है तो कभी हाथ जोड़कर छोड़ देने की गुहार लगा रहा है।
विस्तार
देश में चल रहे कोरोना टीकाकरण अभियान को लेकर तरह-तरह की तस्वीरें रोज सामने आ रही हैं। इसको लेकर कहीं उत्सव जैसा माहौल है तो कहीं लोग वैक्सीन नहीं लगवाने के लिए तरह-तरह के बहाने बनाते हुए भी दिखते हैं। ऐसा ही एक वीडियो सामने आया है यूपी के बलिया से।
जिसमें दिख रहा है कि कुछ लोग टीके को लेकर अजीब हरकतें कर रहे हैं। टीके से बचने के लिए कोई पेड़ पर चढ़ जा रहा है तो कोई नदी में कूद जा रहा है। वाकया रेवती थाना क्षेत्र से जुड़ा है। जिसका वीडियो वायरल होने से चर्चा का विषय बना हुआ है।
कोविड-19 महामारी से लोगों की जान बचाने के लिए वैक्सीनेशन पर जोर दिया जा रहा है। शासन और जिला प्रशासन की कोशिश है कि शत प्रतिशत टीकाकरण करा लोगों को जीवन को सुरक्षित बनाया जाए। इसके लिए सभी प्रयास किए जा रहे हैं।
बुधवार को लमुहीं ग्राम सभा के सामने सरयू तट पर वैक्सीनेशन टीम के सदस्य से एक नाविक ने हाथापाई कर जमीन पर गिरा दिया। वैक्सीनेशन टीम के सदस्य ने नाविक को टीकाकरण के लिए बुलाया, लेकिन नाव पर सवार नाविक ने टीका लेने से इंकार कर दिया। बार-बार बुलाए जाने से नाराज नाविक नाव से कूदकर वैक्सीनेशन टीम के सदस्य से उलझ गया। उसे जमीन पर गिरा दिया।
टीम के नेतृत्वकर्ता अतुल कुमार दुबे ने बताया कि लोगों को टीकाकरण के लिए जागरूक किया जा रहा है। ग्राम सभाओं में ढोल, डुगडुगी आदि बजाकर लोगों को टीकाकरण के लिए प्रेरित किया जा रहा है। शासन की मंशा है कि शत प्रतिशत टीकाकरण हो जाए। इस बीच यदा-कदा ऐसी घटनाएं भी सामने आ रही है। समझाबुझा कर टीकाकरण कर रहे हैं।
बलिया में कोरोना: 89 नए मरीज मिले, संक्रमितों की संख्या हुई 512
बलिया जिले में बुधवार को 89 लोग संक्रमित पाए गए। जिले में अब संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 512 हो चुकी है। बुधवार को 58 लोग स्वस्थ हुए। वहीं अब तक कुल 186 लोग उपचार के बाद स्वस्थ हो चुके हैं। एक्टिव केस की संख्या 325 है। बुधवार को 3746 लोगों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. नीरज कुमार पांडेय ने बताया कि जनपद में कोरोना की तीसरी लहर जनपद में तेजी से पांव पसार रहा है। इसके रोकथाम के लिए जनपद में करीब 75 टीमें प्रतिदिन पांच हजार से अधिक सैंपलिंग लेने का काम कर रही है। वहीं टीकाकरण भी युद्ध स्तर किया जा रहा है। सीएमओ ने जनपदवासियों से कोरोना गाइडलाइन का पालन करने तथा अपने नजदीकी केंद्र पर जाकर टीका लगाने का अपील किया है।
पढ़ें: तो क्या आजमगढ़ की इस सीट से अखिलेश यादव लड़ेंगे चुनाव, सपा जिलाध्यक्ष ने भेजा न्योता