UP News: भरभराकर गिरी दीवार...खेल रहे बालक की दबकर मौत; चीख उठे घरवाले, मां की मौत के बाद दादा-दादी पाल रहे थे
बहराइच में दीवार भरभराकर गिर गई। पास में खेल रहे बालक की दबकर मौत हो गई। घटना से घर में चीख पुकार मच गई। मां की मौत के बाद दादा-दादी उसे पाल रहे थे।
विस्तार
यूपी के बहराइच में शुक्रवार की सुबह घर के आंगन में खेल रहे छह वर्षीय बालक पर कच्ची दीवार भरभराकर गिर गई। जब तक परिजन दीवार के मलबे को हटाते बालक की दर्दनाक मौत हो गई। बालक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है।
घटना सुजौली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत चहलवा के मजरा बिहारीपुरवा की है। गांव निवासी आर्यन (06) शुक्रवार की सुबह घर के आंगन में खेल रहा था। इस दौरान उसके घर की कच्ची दीवार अचानक ढह गई। आर्यन मलबे में दब गया।
परिजनों में चीत्कार मच गया
दीवार गिरने की आवाज सुनकर उसके दादी-बाबा शोर मचाते हुए दौड़े और मलबे को हटाया। लेकिन, सिर में गहरी चोट लगने से बालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बालक की मौत से परिजनों में चीत्कार मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर थाना प्रभारी हरीश सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजवाया।
पहले पत्नी... अब बेटे की हो गई मौत
मृतक आर्यन के पिता प्रेम बैंगलोर में रहकर बेटे की अच्छी परवरिश के लिए मजदूरी करते हैं। कुछ साल पहले ही उनके पत्नी की मौत हुई थी। इसके बाद बेटे आर्यन की परवरिश प्रेम के बूढ़े मां-बाप कर रहे थे। इस बीच शुक्रवार को हुए दर्दनाक हादसे के बाद जब उन्हें फोन कर आर्यन के मौत की सूचना दी गई तो वह बेहोश हो गए।
थाना प्रभारी हरीश सिंह ने बताया कि घर की कच्ची दीवार गिरने से मलबे के दब कर बालक की मौत हुई है। जांच पड़ताल कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।