यूपी बॉर्डर पर पुलिस का कहर
जनपद की सबसे विवादित निवाड़ा पुलिस चौकी पर एक बार फिर गंभीर आरोप लगा है। लोनी से हिसार जाने वाले ट्रक चालक सुधीर ने बताया पुलिस चौकी पर पहुंचे ही उनके ट्रक को पुलिस वालों ने रोक लिया और उनसे 250 रुपये की मांग की। वह उन्हें सौ रुपये दे रहा था। लेकिन पुलिस वालों ने सौ रुपये लेने से इंकार कर दिया। विरोध करने पर पुलिस वालों ने उसके साथ गाली-गलौच कर मारपीट की।
गाजियाबाद से ट्रक को लेकर पानीपत जा रहे ड्राइवर राकेश का कहना है कि निवाड़ा चौकी पुलिस ने उससे 300 रुपये की मांग की। उसने इतने रुपये नहीं दिए तो पुलिस वालों ने उसके साथ मारपीट की। इसी तरह साहिबाबाद से ट्रक को लुधियाना लेकर जा रहे ड्राइवर जसविंदर का आरोप है कि पुलिस वालों ने उससे 150 रुपये मांगे। उसने सौ रुपये पुलिस वालों को दे दिए। पुलिस वालों ने उसके ऊपर रुपये फेंकते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। उसकी बुरी तरह से पिटाई की।
पीड़ित चालकों ने कहा पुलिस वालों ने धमकी दी यदि अफसरों से शिकायत की तो यहां से गुजरना तो दूर ट्रक ही चलाना भूल जाएंगे। इसके विरोध में ट्रक चालकों ने हंगामा किया। बाद में पीड़ित चालक वहां से चले गए। बागपत सीओ कर्मवीर सिंह ने कहा ट्रक चालकों से पुलिस ने मारपीट की है। इस तरह की उनके पास शिकायत नहीं आई है। शिकायत आती है तो मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी। निवाड़ा चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार ने कहा किसी भी ट्रक ड्राइवर के साथ मारपीट नहीं की गई है। न ही उनके संज्ञान में मामला है। आरोप निराधार हैं।