अब सड़क पर दौड़ेगी रेसिंग कार: 23 साल बाद फेरारी के पुराने नाम की वापसी, जानें 296 चैलेंज स्ट्रैडेल की खासियत
- फेरारी ने नई सुपरकार का अनावरण किया।
- 3.0-लीटर ट्विन-टर्बो V6 इंजन है।
- हाइब्रिड सिस्टम को हटाया गया है।
- 296 Challenge Evo का भी किया एलान।
विस्तार
सुपरकार की दुनिया में फेरारी का नाम रफ्तार, दमदार इंजन और ट्रैक को लेकर हमेशा से ही शानदार रहा है। अब कंपनी ने इसी पहचान को नए अंदाज में पेश किया है। फेरारी ने 296 चैलेंज स्ट्रैडेल से पर्दा उठा दिया है, जो रेसिंग कार से प्रेरित होने के बावजूद सड़क पर चलाने के लिए भी वैध है। इसे खास तौर पर उन लोगों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है, जो आम सड़कों के साथ ट्रैक पर भी तेज रफ्तार का अनुभव लेना चाहते हैं।
इस नई सुपरकार में फेरारी ने हाइब्रिड सिस्टम को पूरी तरह हटा दिया है। इसकी जगह 3.0-लीटर ट्विन-टर्बो V6 इंजन दिया गया है, जो 670hp की पावर और 740Nm का टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी ने इसका वजन 296 GTB के मुकाबले 140 किलोग्राम कम किया है। साथ ही एयरोडायनामिक्स, सस्पेंशन और ब्रेकिंग सिस्टम को भी अपडेट किया गया है। इसके अलावा फेरारी की 296 चैलेंज इवो रेस कार भी चर्चा में है, जो 2027 सीजन में रेसिंग डेब्यू कर सकती है।
फेरारी 296 चैलेंज स्ट्रैडेल रेस कार से मिली प्रेरणा
- नई 296 चैलेंज स्ट्रैडेल को फेरारी की 296 चैलेंज रेस कार से प्रेरित होकर तैयार किया गया है। इसके नाम के साथ कंपनी ने अपने पुराने चैलेंज स्ट्रैडेल नाम को भी फिर से इस्तेमाल किया है। इससे पहले इस नाम का इस्तेमाल साल 2003 में फेरारी 360 सीएस के साथ किया गया था।
- हालांकि, यह पूरी तरह रेस कार नहीं है। इसे सड़क पर चलाने की मंजूरी के साथ ट्रैक पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार किया गया है। इसके डिजाइन और तकनीकी बदलावों का मुख्य उद्देश्य तेज रफ्तार पर कार को ज्यादा स्थिर और बेहतर नियंत्रण वाला बनाना है।
3.0-लीटर V6 इंजन, 670hp की पावर
- फेरारी 296 चैलेंज स्ट्रैडेल में 3.0-लीटर ट्विन-टर्बो V6 इंजन दिया गया है। खास बात यह है कि कंपनी ने इसमें हाइब्रिड सिस्टम को हटा दिया है। यह इंजन 670hp की अधिकतम पावर और 740Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसके साथ 8-स्पीड ड्यूल-क्लच गियरबॉक्स दिया गया है।
- हाइब्रिड सिस्टम हटाने और दूसरे बदलावों के चलते कार का वजन भी कम किया गया है। कंपनी के मुताबिक, इसका वजन 296 GTB के मुकाबले 140 किलोग्राम कम है। इसका ड्राई वजन करीब 1,330 किलोग्राम है।
2.8 सेकंड में 100km/h की रफ्तार
- रफ्तार के मामले में भी फेरारी की यह नई सुपरकार काफी दमदार है। कंपनी के मुताबिक, फेरारी 296 चैलेंज स्ट्रैडेल महज 2.8 सेकंड में 0 से 100km/h की रफ्तार पकड़ सकती है। इसकी टॉप स्पीड 300km/h से ज्यादा है।
- कम वजन और दमदार V6 इंजन का कॉम्बिनेशन इसे तेज एक्सीलरेशन देने में मदद करता है। इसके साथ दिया गया 8-स्पीड ड्यूल-क्लच गियरबॉक्स भी तेज गियर शिफ्टिंग के लिए तैयार किया गया है।
250km/h की रफ्तार पर मिलेगा 617kg डाउनफोर्स
- इस सुपरकार में एयरोडायनामिक्स को बेहतर बनाने पर खास ध्यान दिया गया है। फेरारी के मुताबिक, 250km/h की रफ्तार पर यह कार 617 किलोग्राम डाउनफोर्स पैदा करती है। यह आंकड़ा 296 GTB के मुकाबले 72 फीसदी ज्यादा है।
- डाउनफोर्स का मतलब है कि तेज रफ्तार पर हवा के दबाव से कार सड़क की ओर ज्यादा मजबूती से दबती है। इससे खासकर तेज मोड़ पर कार की पकड़ और स्थिरता बेहतर बनाने में मदद मिलती है। ट्रैक पर तेज गति से ड्राइविंग के दौरान यह बदलाव काफी अहम हो सकता है।
सस्पेंशन, ब्रेक और टायर में भी बदलाव
- फेरारी ने 296 चैलेंज स्ट्रैडेल में सिर्फ इंजन और एयरोडायनामिक्स पर ही काम नहीं किया है। इसके सस्पेंशन और ब्रेकिंग सिस्टम को भी अपडेट किया गया है। इसमें कार्बन-सिरेमिक ब्रेक दिए गए हैं, जो तेज रफ्तार से कार को नियंत्रित करने और ब्रेकिंग प्रदर्शन बेहतर बनाने में मदद करते हैं।
- इसके अलावा कार में खास टायर भी दिए गए हैं। इन बदलावों का मकसद ट्रैक पर कार की पकड़, नियंत्रण और ड्राइविंग प्रदर्शन को बेहतर बनाना है।
हल्का और ट्रैक-फोकस्ड इंटीरियर
- फेरारी 296 चैलेंज स्ट्रैडेल का केबिन भी ट्रैक पर बेहतर प्रदर्शन को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसके इंटीरियर में वजन कम करने के लिए कार्बन फाइबर पार्ट्स का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही गैर-जरूरी ट्रिम को कम रखा गया है। कहा जा रहा है कि इसका उद्देश्य कार को हल्का रखना और ड्राइवर को ट्रैक पर बेहतर ड्राइविंग अनुभव देना है।
कब आएगी फेरारी 296 चैलेंज स्ट्रैडेल कार?
इसी दौरान कंपनी ने 296 चैलेंज इवो रेस कार का भी जिक्र किया है। यह रेस कार 2027 सीजन में अपना रेसिंग डेब्यू कर सकती है। इवों में 700hp की ज्यादा पावर मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा इसमें बेहतर एयरो पैकेज भी दिया जाएगा। यानी यह कार खास तौर पर रेसिंग के दौरान ज्यादा बेहतर प्रदर्शन को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही है।
क्यों खास है यह सुपरकार?
इसके अलावा अगर फेरारी 296 चैलेंज स्ट्रैडेल की सबसे बड़ी खासियत की बात करें तो इसमें रेस कार से प्रेरित तकनीक को सड़क पर चलने वाली सुपरकार में शामिल किया गया है। हाइब्रिड सिस्टम हटाकर 670hp वाला V6 इंजन, कम वजन, 617kg डाउनफोर्स और अपडेटेड ब्रेक-सस्पेंशन इसे ट्रैक-फोकस्ड कार बनाते हैं। वहीं, 296 चैलेंज इवो के 2027 में रेसिंग डेब्यू से फेरारी की इस नई रेसिंग सीरीज पर भी नजर रहेगी।
