अवैध वसूली करता फर्जी पत्रकार गिरफ्तार
खेकड़ा क्षेत्र के गांव सुभानपुर निवासी अजय त्यागी ने बागपत कोतवाली में दी तहरीर में कहा वह बागपत में एक न्यूज चैनल का संवाददाता नियुक्त है। कुछ दिनों से बागपत में तीन व्यक्ति अपने को न्यूज चैनल संवाददाता बताकर लोगों से रौब गालिब कर रहे हैं। इसकी जानकारी लगातार उसे मिल रही थी।
शनिवार को दोपहर 2:40 बजे बागपत के कस्बा निवासी रनवीर चौहान ने फोन पर सूचना दी कि कुछ लोग उनके कार्यालय पर बैठे हैं और अपने को न्यूज चैनल से बताकर 25000 रुपये की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वह तुरंत उनके दफ्तर में पहुंचे। उसे देखते ही दो लोग मौके से फरार हो गए।
वहां पर एक व्यक्ति मिला। उसने खुद को मेरठ के थापर नगर निवासी राम बाबू पुत्र रामस्वरूप बताया। उसने बताया वह न्यूज चैनल से है। इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुुंची। पूछताछ करने पर आरोपी फर्जी पाया गया। उसकी तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट (धारा 419, 420 आईपीसी) दर्ज की।
कोतवाली प्रभारी रनवीर सिंह यादव ने कहा आरोपी फर्जी पत्रकार राम बाबू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पैसे क्यों मांग रहा था, इस बारे में पूछताछ की जा रही है। उसे रविवार (आज) को कोर्ट में पेश किया जाएगा। उधर, आरोपी रामबाबू ने कहा वह मेरठ का रहने वाला है। वहां पर ही न्यूज चैनल में कार्य करता है। शनिवार को वह बागपत में रनवीर के पास प्लाट के लेनदेन के संबंध में मिलने आया था। उस पर लगाए गए आरोप पूरी तरह से गलत है।