जहानागंज। पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत स्थानीय बुनकरों ने शनिवार को अपने पावरलूम बंद कर धरना प्रदर्शन किया। बुनकर बिजली का दर बढ़ाये जाने को लेकर आक्रोशित थे। बुनकरों ने चेतावनी दिया कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं की जाती तब तक वे अपना लूम बंद रख कर विरोध प्रदर्शन करते रहेंगे। बुनकरों के प्रदर्शन की जानकारी होते ही बीडीओ जहानागंज मौके पर पहुंच गये और बुनकरों से वार्ता कर समझाने का प्रयास किया।
बुनकरों को बिजली दर में विभाग ने बढ़ोत्तरी कर दी है। जिसे लेकर बुनकर आक्रोशित है। बुनकर संघ के अध्यक्ष शफीक अहमद ने बताया कि हम लोगों का बिजली बिल एक हथकरघा मशीन पर महीने में 72 रुपये आता था। जिसमें बिजली विभाग ने बढ़ोत्तरी कर दी है और अब दिसंबर माह से हमारा बिल 2000 रुपये आयेगा। जो बहुत ही बड़ा बोझ है। जिसके चलते ही हमें मजबूरी में अपने हथकरघों को बंद कर विरोध प्रदर्शन करना पड़ रहा है। हम लोगों की मांग जब तक नहीं मानी जाती है तब तक हम अपना पावर लूम बंद कर विरोध प्रदर्शन जार रखेंगे। संगठन की तरफ एक मांग पत्र जिलाधिकारी को भी दिया गया है। बुनकरों के लूम बंद कर प्रदर्शन की जानकारी पर बीडीओ राजीव शर्मा भी मौके पर पहुंच गये और बुनकरों से मिल कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। उन्होंने बताया कि हम शांति व्यवस्था बनाये रखने के उद्देश्य से बुनकरों के बीच आये थे। बुनकरों ने उन्हें भी अपना मांग पत्र सौंपा। इस अवसर पर बुनकर संघ के मंजूर अहमद, कमाल असगर, मो. अजहर, नजरे आलम, प्रधान डॉ. नसीम, आरिफ जमाल, शमसाद, फकीर, जमील सहित अन्य लोग मौजूद रहे।