दीपथून: तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर 15 दिसंबर तक दीप जला सकेंगे, मंदिर पहुंचे श्रद्धालु; सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मदुरै में कार्तिगई दीपम उत्सव के तहत श्रद्धालु 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक उचिपिल्लैयार मंदिर के पास दीप जला सकेंगे। इसके लिए सुबह 10 से शाम 4:30 बजे तक का समय तय किया गया है। दीपथून पर दीप जलाने को लेकर क्या विवाद था? जानिए...
विस्तार
तमिलनाडु के मदुरै में कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान श्रद्धालु अब उचिपिल्लैयार मंदिर के पास दीप जला सकेंगे। इसके लिए 29 नवंबर से 15 दिसंबर तक की अनुमति दी गई है। श्रद्धालु सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे के बीच दीप जला सकेंगे। यह व्यवस्था अरुलमिगु सुब्रमण्य स्वामी मंदिर के प्रशासन की निगरानी कर रहे रिसीवरों की मंजूरी के बाद की गई है।
उचिपिल्लैयार मंदिर के पास दीप जलाने पहुंचे श्रद्धालु
पहाड़ी पर श्रद्धालु दीप जलाने के लिए पहुंचने लगे हैं। मंदिर प्रशासन ने उचिपिल्लैयार मंदिर के पास तय स्थान पर 29 नवंबर से 15 दिसंबर 2026 तक दीप जलाने की अनुमति दी है। श्रद्धालु रोजाना सुबह 10 बजे से शाम 4:30 बजे तक दीप जला सकेंगे। इस दौरान मौके पर भारी संख्या में सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं। पुलिस और सुरक्षा बल आने वाले लोगों की गहन जांच कर रहे हैं। दीप जलाने के लिए तय स्थान पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है।
#WATCH | Madurai, Tamil Nadu: Devotees arrive at Thiruparankundram hill as the Thiruparankundram temple administration permits devotees to light lamps at a designated spot near the Uchipillaiyar Temple from November 29 to December 15, 2026, between 10:00 AM and 4:30 PM daily. A heavy security force is deployed at the spot and is conducting thorough checks.
— ANI (@ANI) November 29, 2026
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद दीपथून पर जलाया गया था दीप
यह फैसला शनिवार को तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून पत्थर के स्तंभ पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाए जाने के एक दिन बाद आया है। शनिवार शाम करीब पांच बजे दोनों सेवानिवृत्त न्यायाधीशों की निगरानी में दीप जलाया गया था। यह आयोजन सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार हुआ। दीप जलने के बाद श्रद्धालु भावुक हो गए और पहाड़ी पर उत्सव का माहौल बन गया। लोगों ने पटाखे फोड़कर खुशी मनाई। सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद दीपथून पर दीप जलाने का रास्ता साफ हुआ था।
पीएम मोदी और अमित शाह ने दीं शुभकामनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भगवान मुरुगन का स्मरण करते हुए सोशल मीडिया मंच एक्स पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने अपनी पोस्ट में भगवान मुरुगन की जयकार की। वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दीप जलाए जाने का स्वागत किया। उन्होंने भगवान मुरुगन को बुराई का नाश करने वाले और विजय का भाला धारण करने वाला बताया। शाह ने कामना की कि कार्तिगई दीपम का प्रकाश अंधकार को दूर करे और सभी को सुख, स्वास्थ्य तथा समृद्धि मिले।
क्या है कार्तिगई दीपम को लेकर विवाद?
विवाद की शुरुआत तिरुपरंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित दीपथून पत्थर के स्तंभ पर कार्तिगई दीपम नहीं जलाए जाने से हुई थी। सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बावजूद वहां दीप नहीं जलाया गया था। इसके बजाय 24 नवंबर को वार्षिक कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान उचिपिल्लैयार मंदिर के पास महादीपम जलाया गया था। उस समय दीपथून के पास पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी।
