सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के मृतक लोको पायलट दुर्गेश कुमार के परिजनों से उत्तर प्रदेश एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष बेचन राम ने मुलाकात की। उन्होंने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए मामले की गहन जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। समाज कल्याण विभाग की ओर से परिजनों को 4.25 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की गई और प्रमाण पत्र बनने के बाद अतिरिक्त 4.25 लाख रुपये देने की घोषणा की गई। कुल 8.5 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।
जानकारी मुताबिक उत्तर प्रदेश एससी-एसटी आयोग के उपाध्यक्ष बेचन राम मंगलवार को जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के नौसहरा वार्ड निवासी मृतक लोको पायलट दुर्गेश कुमार के घर पहुंचे। वह मृतक दुर्गेश कुमार के पिता इन्दल राम और अन्य परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि यह सामान्य घटना नहीं है, और जांच में पाया गया कि दुर्गेश को मारपीट के बाद सल्फास या जहरीला पदार्थ दिया गया था। आयोग ने इस मामले में तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की थी, जिसके आधार पर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। बेचन राम ने मुख्यमंत्री को पूरे मामले से अवगत कराने और न्यायालय के माध्यम से दोषियों को सजा दिलाने का वादा किया। इस दौरान आयोग के सदस्य तेजाराम, विनय कुमार, जिला उपाध्यक्ष मोहनलाल मोहन, संतोष पासवान, प्रदीप कुमार, चंद्रिका प्रसाद मौजूद रहे।