{"_id":"69adbd7d560ddb0c1703695f","slug":"the-fear-of-war-17-young-men-from-sirhi-village-are-living-in-bunkers-azamgarh-news-c-258-1-rdp1005-146578-2026-03-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"युद्ध का खौफ : बंकरों में कट रही सिरही गांव के 17 युवाओं की जिंदगी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
युद्ध का खौफ : बंकरों में कट रही सिरही गांव के 17 युवाओं की जिंदगी
विज्ञापन
चंद्रेश चौहान की पत्नी मोबाइल पर बात करती। संवाद
लाटघाट। परिवार की गरीबी युवाओं को परदेश ले गई। रौनापार थाना क्षेत्र के सिरही गांव के 17 युवा इन दिनों इस्राइल में चल रहे युद्ध जैसे हालात के बीच फंसे हुए हैं। ईरान-इस्राइल युद्ध के बीच गिर रहे मिसाइल, ड्रेन के कारण वहां लगातार सायरन बजने और हमले की आशंका के चलते युवाओं को बंकर में छिपकर समय बिताना पड़ रहा है। इस्राइल में युवा परेशान हैं तो इधर, उनके परिजन दिन-रात कुशल-मंगल की कामना कर रहे हैं। रौनापार थाना क्षेत्र के सिरही गांव के 17 युवक अपने सपनों को पंख लगाने के लिए इस्राइल के अलग-अलग शहराें में काम कर रहे हैं। गांव का सामोद चौहान करीब छह महीने पहले इस्राइल गया। अब इस्राइल में युद्ध के हालात होने से परिजन परेशान हैं। रविवार को उनकी माता सेवती देवी और पत्नी सुंदरी घर पर थे। पड़ोसी भी परिजनों से इस्राइल का हाल-चाल जानने के लिए जुटे थे। सुंदरी और सेवती ने बताया कि बराबर बात हो रही है। आज भी बात हुई है। सब कुछ कुशल मंगल है, कोई दिक्कत नहीं है। वह अपनी पत्नी और पिता से बराबर बात करते रहते हैं। सामोद ने परिजनों को बताया है कि इस्राइल के रामला में वह है। वहां से 40 से 50 किलोमीटर दूर शहडोल में काम करते हैं। बमबारी तो बराबर हो रही है, पर कोई दिक्कत नहीं है। जैसे ही सायरन बजता है कि सभी लोग बंकर में छिप जाते हैं। गांव के ही चंद्रेश चौहान भी इस्राइल में ही हैं। उनकी पत्नी मंजू व दो छोटे बच्चे घर पर हैं। मंजू ने बताया कि सुबह बात हुई थी। शनिवार की शाम को भी बात हुई थी और जब से लड़ाई शुरू हुई है, तबसे रोज सुबह-शाम बात हो जाती है। आकाश चौहान के पिता रमेश चंद्र चौहान ने बताया कि हम लोग रोज बात करते रहते हैं और वह किसी दिन काम नहीं छोड़ते हैं। प्रतिदिन काम पर जाते हैं और किसी तरह की कोई तकलीफ नहीं है। पिता के अनुसार आकाश ने बताया है कि घबराने की कोई बात नहीं है, हम लोग सुरक्षित हैं। गांव के मुन्ना चौहान की पत्नी रीना ने बताया कि उसके पति चार महीने पहले इस्राइल गए हैं। उनसे लगातार बात हो रही है। पति ने कहा है कि कोई घबराने की बात नहीं है। मिसाइल या ड्रोन गिरने से पहले सायरन अलर्ट कर देता है। इससे सभी लोग बंकर में छिप जाते हैं। ग्राम प्रधान रविंद्र चौहान ने बताया कि गांव के जो लोग भी अन्य देशों में है, उनसे बात हो जाती है और सभी लोग अमन चैन से और सुरक्षित हैं।
यह फंसे हैं इस्राइल में-- सिरही गांव के आकाश चौहान, मुन्ना चौहान, चंद्रशेखर, रामजीवन, प्रभुनाथ, जसवंत, आजाद, सोनू, राम आशीष, छोटेलाल, सुरेंद्र, पवन, कमलेश, चंद्रेश, सेमोझ, सरोज, सुरेंद्र इस्राइल में हैं।
विज्ञापन
यह फंसे हैं इस्राइल में

चंद्रेश चौहान की पत्नी मोबाइल पर बात करती। संवाद
विज्ञापन