अजीत हत्याकांड: लखनऊ से आई टीम ने दो घंटे कुंटू से की पूछताछ, स्थानांतरण की कवायद में भी जुटा है पुलिस महकमा
अजीत हत्याकांड को लेकर जिला कारागार में बंद अपराधी ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। लखनऊ से आई पुलिस टीम ने शुक्रवार को जेल में ही कुंटू से पूछताछ की। सगड़ी क्षेत्र से विधायक रहे सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड का मुख्य आरोपी ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू जिला कारागार में बंद है।
हत्याकांड के मुख्य गवाह रहे अजीत सिंह की छह जनवरी को लखनऊ के कठौता चौराहे पर गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। इसमें भी कुंटू को नामजद किया गया है। कुंटू के अलावा अखंड प्रताप सिंह व गिरधारी विश्वकर्मा भी नामजद हैं। 20 जनवरी को लखनऊ पुलिस कुंटू व अखंड को आजमगढ़ कारागार से लखनऊ पेशी पर ले गई थी।
वहां से लौटने के बाद अखंड को केंद्रीय कारागार बरेली भेज दिया गया। कुंटू सिंह अभी आजमगढ़ जेल में ही है, जिससे पूछताछ के लिए शुक्रवार को लखनऊ पुलिस की टीम जिले में आई थी। शाम चार से छह बजे के बीच लखनऊ पुलिस ने कुंटू से जेल परिसर में ही पूछताछ की।
लखनऊ से आई पुलिस टीम में इंस्पेक्टर अनिल कुमार सिंह व सब इंस्पेक्टर अख्तर उस्मानी शामिल थे। पूछताछ के दौरान पुलिस को अहम जानकारियां मिली हैं। इसआधार पर अब जल्द ही कुंटू को रिमांड पर लेने की तैयारी भी लखनऊ पुलिस कर रही है। एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि लखनऊ पुलिस ने कुंटू को रिमांड पर लेने की विधिक कवायद शुरू की है।
इसके साथ ही पुलिस महकमा भी कुंटू को अखंड, संजय व मृत्युंजय की तरह दूसरे जेल स्थानांतरित करने के लिए हाईकोर्ट पहुंची है। क्योंकि कुंटू सिंह को जिला कारागार से अन्यत्र भेजने पर निचली अदालत की रोक है। इसके चलते पुलिस को हाईकोर्ट में अपील करनी पड़ी है।