दादा-पोता हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: मुख्य आरोपी 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, पुलिस मुठभेड़ में लगी गोली
आजमगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान दादा-पोता हत्याकांड के मुख्य आरोपी 50 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने घायलावस्था में इलाज के लिए उसे अस्पताल भेजा।
विस्तार
आजमगढ़ जिले के पवई थाना क्षेत्र में हुए चर्चित दादा-पोता हत्याकांड के मामले में फरार चल रहे 50 हजार के इनामी आरोपी को पुलिस ने मंगलवार की देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पवई भेजा गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, मोटरसाइकिल और नकदी बरामद की गई है।
क्या है पूरा मामला
सीओ फूलपुर किरनपाल सिंह ने बताया कि 9/10 जुलाई की रात पवई थाना क्षेत्र के ग्राम हेवती में पैतृक संपत्ति और पारिवारिक विवाद को लेकर संतोष यादव निवासी ग्राम ताराखुर्द, थाना मालीपुर, जनपद अंबेडकरनगर पर अपने दादा जगदम्बा प्रसाद और चचेरे भाई श्रीवांशु यादव उर्फ अंकित की कुल्हाड़ी से हत्या करने का आरोप लगा था। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था और उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस अधीक्षक ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
इसे भी पढ़ें; स्मार्ट काशी की नई पहल: अब एक क्लिक दूर होगा नगर निगम, चैटबॉट से चार घंटे में समस्याओं का होगा समाधान
मंगलवार को थानाध्यक्ष मनीष पाल अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और वांछित अभियुक्तों की तलाश में थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मोटरसाइकिल से ओरिल की ओर से हेवती आने वाला है। सूचना पर पुलिस ने रसूलाबाद मोड़ के पास घेराबंदी की।
पुलिस का दावा है कि रुकने का इशारा करने पर आरोपी भागने लगा, लेकिन बारिश के कारण उसकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने पुलिस टीम पर अवैध तमंचे से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपी ने पैतृक भूमि के बंटवारे और आर्थिक लेन-देन को लेकर चल रहे पारिवारिक विवाद के चलते दोहरे हत्याकांड को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली गई। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध देशी तमंचा, एक कारतूस, हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी, सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और 600 रुपये नकद बरामद किए हैं।