स्मार्ट काशी की नई पहल: अब एक क्लिक दूर होगा नगर निगम, चैटबॉट से चार घंटे में समस्याओं का होगा समाधान
Varanasi News: वाराणसी में 27 जून को हुई कार्यकारिणी समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुपालन में 21 जुलाई से त्वरित समाधान स्मार्ट पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मेयर अशोक कुमार तिवारी ने कहा कि गंगा किनारे स्थित 25 वार्डों की बुनियादी समस्याओं का समाधान अब अधिकतम चार घंटे में किया जाएगा। इसके लिए शहरवासियों को गंदगी, सीवर ओवरफ्लो, बंद स्ट्रीट लाइट जैसी समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम के दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। नागरिकों को व्हाट्स एप एआई चैटबॉट नंबर 8601872601 पर फोटो सहित समस्या का विवरण भेजना होगा, जिसके बाद उसका निस्तारण चार घंटे के भीतर किया जाएगा।
सोमवार को स्मार्ट सिटी सभागार में मेयर ने कहा कि शहर की बुनियादी जनसमस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए नगर निगम ने महत्वाकांक्षी पहल की है। 27 जून को हुई कार्यकारिणी समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुपालन में 21 जुलाई से त्वरित समाधान स्मार्ट पायलट प्रोजेक्ट की शुरुआत की जा रही है। प्रथम चरण में गंगा तटवर्ती क्षेत्रों के 25 वार्डों को शामिल किया गया है, जहां नागरिकों की बुनियादी समस्याओं का अधिकतम चार घंटे में समाधान करने का लक्ष्य रखा गया है।
इन वार्डों के नागरिक अपनी शिकायतें सीधे व्हाट्स एप चैटबॉट नंबर 8601872601 पर दर्ज करा सकेंगे। शिकायत दर्ज करने का समय सुबह आठ बजे से दोपहर दो बजे तक रहेगा। शिकायतों के निस्तारण के लिए स्वचालित और जियो-टैग्ड प्रणाली का उपयोग किया जाएगा। नगर निगम के छह विभागों से संबंधित 14 प्रकार की समस्याओं को इस व्यवस्था में शामिल किया गया है और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी।
मेयर ने बताया कि पूरी व्यवस्था को पारदर्शी और मानवीय हस्तक्षेप से मुक्त बनाया गया है। शिकायत दर्ज कराने के लिए नागरिकों को व्हाट्स एप चैटबॉट नंबर पर ‘Hi’ या ‘हाय’ लिखकर शिकायत का विकल्प चुनना होगा। इसके बाद चैटबॉट के निर्देशानुसार शिकायत का प्रकार, वार्ड नंबर, घटना स्थल की लाइव जीपीएस लोकेशन और फोटो अपलोड करनी होगी।
शिकायत दर्ज होते ही स्वचालित रूटिंग सिस्टम मास्टर डेटाबेस के आधार पर संबंधित क्षेत्र के जिम्मेदार अधिकारी के मोबाइल एप पर तुरंत सूचना और फोटो भेज देगा। वहीं शिकायतकर्ता को व्हाट्स एप पर टिकट आईडी प्राप्त हो जाएगी।