अंबेडकरनगर। कटेहरी विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव में मंगलवार को सपा प्रत्याशी शोभावती वर्मा व बसपा प्रत्याशी अमित वर्मा ने नामांकन पत्र दाखिल किया। अब पर्चा दाखिल करने वाले प्रत्याशियों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। वहीं, दो अन्य प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र खरीदा है। विधानसभा उपचुनाव की सरगर्मी तेजी से बढ़ रही है। मंगलवार को पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष व सपा प्रत्याशी शोभावती वर्मा ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर दो सेट में पर्चा भरा। उनके साथ पति व सांसद लालजी वर्मा, पूर्व मंत्री व विधायक राम अचल राजभर, पूर्व सांसद व विधायक त्रिभुवन दत्त और पूर्व एमएमएलसी हीरालाल यादव मौजूद रहे। नामांकन कर लौटने पर कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से उनका स्वागत किया।
बसपा प्रत्याशी अमित वर्मा भी दोपहर बाद नामांकन करने पहुंचे। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल, अयोध्या मंडल प्रभारी दिलीप विमल व अरविंद गौतम, जिलाध्यक्ष सुनील सांवत, जिला प्रभारी दयाराम राजभर, अजमल कुरैशी आदि मौजूद रहे। उधर, भागीदारी पार्टी के प्रत्याशी रामनरेश प्रजापति ने एक सेट तथा आजाद समाज पार्टी के प्रत्याशी राजेश कुमार ने चार सेट में नामांकन पत्र प्राप्त किया। अब तक कुल 10 प्रत्याशी 21 सेट में नामांकन पत्र प्राप्त कर चुके हैं।