प्रतापगढ़: शादी से नाराज पूर्व प्रेमी ने वायरल की आपत्तिजनक तस्वीर, आहत युवती ने दी जान, युवक ने भी की खुदकुशी
रानीगंज के बुढ़ौरा कुंभापुर गांव में प्रेम प्रसंग का दुखद अंत हुआ। युवती की मौत के बाद उसके पड़ोस में रहने वाले प्रेमी युवक की भी जान चली गई। दोनों पड़ोसी परिवारों से एक साथ अर्थी उठी तो गांव में मातम पसर गया।
विस्तार
रानीगंज थाना क्षेत्र के बुढ़ौरा कुंभापुर गांव में प्रेम प्रसंग से जुड़ी घटना में युवक और युवती की मौत हो गई। मंगलवार शाम युवती की मौत के बाद उसके पड़ोस में रहने वाले प्रेमी युवक ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। गंभीर हालत में परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। दोनों पड़ोसी परिवारों से एक साथ अर्थी उठने से गांव में शोक का माहौल है।
रानीगंज थाना क्षेत्र के बुढ़ौरा कुंभापुर गांव निवासी राम आसरे गौतम की बेटी आंचल (25) की शादी 24 मई को जाजापुर निवासी जितेंद्र गौतम के साथ हुई थी। शादी के बाद आंचल एक बार ससुराल गई थी। इसके बाद करीब तीन महीने से वह मायके में रह रही थी। आंचल के पिता की 14 वर्ष पहले और मां की तीन वर्ष पहले मौत हो चुकी थी। उसकी दो बड़ी बहनों की शादी हो चुकी है, जबकि भाई प्रकाश मुंबई में नौकरी करता है।
बताया जाता है कि आंचल का पड़ोस में रहने वाले विनय कुमार गौतम (23) से पहले से प्रेम प्रसंग था। विनय आंचल से शादी करना चाहता था, लेकिन उसकी शादी दूसरे युवक से होने के बाद दोनों के बीच विवाद की स्थिति बन गई। परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले विनय ने आंचल से जुड़ी आपत्तिजनक तस्वीरें उसके पति को भेज दी थीं। इसके बाद आंचल और उसके पति के बीच विवाद होने लगा।
मामले की छानबीन में जुटी पुलिस
मंगलवार शाम करीब सात बजे आंचल की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर ले गए, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। आंचल की मौत की जानकारी मिलने के बाद विनय ने भी जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत गंभीर होने पर परिजन उसे ट्रॉमा सेंटर ले गए। वहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया। बाद में चिकित्सकों ने उसे स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल प्रयागराज भेज दिया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद से गांव में दोनों परिवारों के बीच मातम पसरा हुआ है।