यूपी बोर्ड : 8,113 परीक्षा केंद्रों की फाइनल सूची जारी, प्रयागराज में 335 तो शामली में सिर्फ 31 केंद्र
UP B oard News : यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा केंद्रों की तस्वीर साफ हो गई है। प्रदेशभर में 8,113 केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। खास बात यह है कि प्रयागराज लगातार सबसे ज्यादा परीक्षा केंद्रों वाला जिला बना हुआ है। यहां 335 केंद्र बनाए गए हैं, जबकि शामली में सबसे कम महज 31 केंद्रों पर परीक्षा होगी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से 2027 में होनी वाली हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षा के लिए केंद्रों की अंतिम सूची कर दी गई है। बृस्पतिवार को यूपी बोर्ड मुख्यालय, प्रयागराज में सचिव भगवती सिंह की अध्यक्षता में परिषदीय केंद्र निर्धारण समिति की बैठक के बाद केंद्रों की फाइनल सूची बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। पांच फरवरी से शुरू हो रही परीक्षा के लिए कुल 8,113 केंद्रों के नामों पर मुहर लगी है। 2026 की परीक्षा में कुल 8,033 केंद्र बनाए गए थे।
दरअसल, 26 अक्तूबर को सॉफ्टवेयर से कुल 7,526 केंद्रों के नाम अपलोड किए गए थे। इसमें 862 राजकीय कॉलेज, 2,376 वित्त पोषित विद्यालय व 3,388 वित्तविहीन विद्यालयों को शामिल किया गया था। 16 नवंबर को जिलाधिकारी की अध्यक्षता वाली जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन के बाद केंद्रों की संख्या बढ़कर 8,113 हो गई थे। इनमें 619 राजकीय, 3,383 सहायता प्राप्त व 4,111 वित्तविहीन विद्यालय शामिल थे। इसके बाद आपत्तियां मांगी गई थी और उसका निस्तारण कर 27 नवंबर को फाइनल सूची जारी करने की बात कही गई थी लेकिन एक दिन पहले आपत्तियों का निस्तारण कर फाइनल सूची जारी कर दी गई।
प्रयागराज में सबसे ज्यादा तो शामली में महज 31 केंद्र
पिछले महीने प्रस्तावित सूची में प्रयागराज जनपद में 269 विद्यालयों को केंद्र बनाया गया था लेकिन अब यहां 335 केंद्र बना दिए गए हैं। पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा परीक्षा केंद्र प्रयागराज में ही बनाए गए हैं। इसी तरह सबसे कम केंद्र शामली जनपद में हैं, जहां कुल 31 कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है। इनमें चार राजकीय, 18 एडेड और नौ वित्तविहीन स्कूल केंद्र बनाए गए हैं। लखनऊ जनपद में 119 और बरेली में 131 केंद्र हैं। बागपत जनपद में किसी भी वित्तविहीन विद्यालय को केंद्र नहीं बनाया गया है, यहां कुल 35 परीक्षा केंद्र बने हैं।
