मेडिकल चौराहे पर एक दिन पहले हुई ठेकेदार वीरेंद्र यादव उर्फ बच्चा की हत्या में नामजद एक दोस्त राजेश यादव दूसरे दिन गिरफ्तार कर लिया गया। उससे पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पता चला है कि मृतक पर एक अन्य दोस्त महेंद्र यादव के साथ उसने भी गोलियां दागी थीं। वारदात में उसने भी अपनी लाइसेंसी पिस्टल का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने उससे असलहा बरामद कर लिया है। उधर दूसरा आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।
प्रयागराज : ठेकेदार हत्याकांड में एक दोस्त गिरफ्तार, आरोपी ने किया चौंकाने वाला खुलासा
अतसुइया के बाबा जी का बाग में रहने वाले नगर निगम के ठेकेदार वीरेंद्र को बुधवार रात मेडिकल कॉलेज चौराहे के पास गोलियों से भून दिया गया था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दोनों दोस्तों ने दागी थीं गोलियां
बृहस्पतिवार को सटीक सूचना पर जार्जटाउन क्षेत्र से ही राजेश को गिरफ्तार कर लिया। सूत्रों का कहना है कि उसने पूछताछ में बताया है कि मृतक वीरेंद्र पर महेंद्र के साथ उसने भी गोलियां दागी थीं। दोनों ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से गोलियां बरसाकर उसे मौत के घाट उतारा था। पुलिस ने उसके कब्जे से पिस्टल भी बरामद कर ली है। सीओ अजीत सिंह चौहान ने बताया कि एक नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दूसरे की तलाश में कर्नलगंज समेत कई जगहों पर दबिश डाली गई है। उसकी तलाश में टीमें लगाई गई हैं।
प्रयागराज : दोस्त ने ठेकेदार को गोली से उड़ाया, लाइसेंसी पिस्टल से एक के बाद एक पांच गोलियां मारीं
टेंडर के 50 लाख रुपयों के विवाद में वारदात
पुलिस की पूछताछ में यह बात भी सामने आई है कि टेंडर के 50 लाख रुपयों के विवाद में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। यह बात सामने आई है कि वीरेंद्र व अन्य दोनों आरोपी ठेकेदारी करते थे। पिछले दिनों धूमनगंज के टीपी नगर और कैंट के गंगानगर में तीनों ने महेंद्र की फर्म के नाम से हुए पीडब्ल्यूडी के टेंडर पर मिलकर काम कराया था। इसी से संबंधित 50 लाख रुपयों को लेकर उनमें विवाद चल रहा था। इसी विवाद में उसकी हत्या कर दी गई।
फोन कर बुलाया था घर से
सूत्रों का कहना है कि पुलिस की जांच पड़ताल में यह बात भी सामने आई है कि ठेकेदार को घर से बुलाकर मारा गया। आरोपियों ने फोन कर उसे घर से बुलाया था। इसके बाद ही यह वारदात हुई। गौरतलब है कि वारदात के बाद प्रारंभिक जांच पड़ताल में आशंका जताई जा रही थी कि तीनों मौके पर बैठकर शराब पी रहे थे। हालांकि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद यह स्पष्ट हो गया कि ठेकेदार को प्लानिंग से बुलाया गया था।
नियमविरुद्ध तरीके से रखे था तीन लाइसेंसी असलहे
हत्याकांड की जांच पड़ताल के दौरान एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी राजेश ने नियमविरुद्ध तरीके से तीन लाइसेंसी असलहे अपने पास रखे हुए थे। इनमें से एक पिस्टल, एक राइफल व एक डीबीबीएल का लाइसेंस है। खास बात यह है कि दिसंबर 2019 में ही क्रेंदीय गृह मंत्रालय की ओर से आयुध अधिनियम में संशोधन किया गया था। जिसके मुताबिक एक व्यक्ति दो से ज्यादा लाइसेंसी असलहे नहीं रख सकता और अगर ऐसा है तो उसे तीसरा असलहा सरेंडर करना होगा। अब सवाल यह भी है कि आखिर कैसे पुलिस व प्रशासन की नजरों से वह बचा रहा। मामले में अफसरों का कहना है कि फिलहाल लाइसेंस की शर्तों के उल्लंघन के आरोप में उस पर एक और मुकदमा कैंट थाने में दर्ज किया जा रहा है।
परिजनों व वकीलों ने लगाया जाम
उधर इस मामले में जार्जटाउन व अतरसुइया में परिजनों व वकीलों ने चक्काजाम भी किया। दरअसल वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी महेंद्र के अधिवक्ता भाई को थाने लेकर चली आई। जिसकी जानकारी होते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं जार्जटाउन थाने के बाहर पहुंचकर चक्काजाम कर दिया। बाद में किसी तरह उन्हें समझाया गया। उधर बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम में देरी पर मृतक के घर की महिलाओं ने अतरसुइया में रोड जाम कर दी। बाद में किसी तरह पुलिस ने उन्हें समझाया और फिर शव अंतिम संस्कार के लिए ले जाया गया।
सात गोलियां मारी थीं हत्यारों ने
पोस्टमार्टम में इस बात का खुलासा हुआ है कि मृतक वीरेंद्र को कुल सात गोलियां मारी गई थीं। सभी गोलियां उनके शरीर में फंसी मिलीं। दो डॉक्टरों के पैनल ने वीडियोग्राफी के बीच शव का पोस्टमार्टम किया।