प्रयागराज : दोस्त ने ठेकेदार को गोली से उड़ाया, लाइसेंसी पिस्टल से एक के बाद एक पांच गोलियां मारीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जार्जटाउन थाना क्षेत्र में मेडिकल चौराहे के पास स्थित एक दवा दुकान में बुधवार की रात ठेकेदार बच्चा यादव की उसके दोस्त ने ही गोली मारकर हत्या कर दी। सभी ने बगल में मॉडल शाप में बैठकर शराब पी फिर दवा दुकान में बैठकर बातें करने लगे। इसी दौरान कोई विवाद हो गया। गोली मारकर बच्चा के दोनों दोस्त मौके से फरार हो गए। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
बाबा जी का बाग अतरसुइया का रहने वाला बच्चा यादव (45) नगर निगम में ठेकेदार था। सलोरी के महेंद्र यादव और अशोक नगर के राजेश यादव के साथ उसने वीरेंद्र कंस्ट्रक्शन कंपनी भी बनाई थी। तीनों में गहरी दोस्ती थी। तीनों प्रतिदिन शाम को मेडिकल चौराहे के पास मॉडल शाप में बैठकर शराब पीते थे। बगल में ही उनके दोस्त की दवा की दुकान है। माडल शॉप से निकलकर तीनों कुछ देर मेडिकल दुकान में भी बैठते थे।
बुधवार की रात भी तीनों शराब पीने के बाद मेडिकल शॉप में बैठे थे। बातचीत के दौरान ही तीनों में कोई विवाद हुआ और कहासुनी होने लगी। इसी बीच महेंद्र यादव को तैश आ गया। उसने अपनी पिस्टल से बच्चा यादव पर फायरिंग शुरू कर दी। एक के बाद एक कई गोलियां मारीं। बच्चा की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद महेंद्र और राजेश वहां से भाग निकले। सरेशाम हत्या से वहां हड़कंप मच गया।
सूचना पर डीआईजी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी, एसपी सिटी दिनेश सिंह और सीओ समेत तमाम अधिकारी पहुंच गए। एसपी सिटी के मुताबिक तीनों न सिर्फ पार्टनर थे बल्कि बहुत ही गहरे दोस्त थे। दुकान पर जाने के बाद किस बात पर विवाद हो गया, इसका पता महेंद्र और राजेश के पकड़े जाने पर चलेगा। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है।
भतीजा बोला, यकीन नहीं होता, घर वालों से ज्यादा सुनते थे महेंद्र की
बच्चा यादव की हत्या के बाद पुलिस अधिकारियों ने घर में सूचना दी तो बच्चा का भतीजा तुरंत मौके पर पहुंच गया। जब पुलिस वालों ने बताया कि महेंद्र और राजेश ने ही घटना को अंजाम दिया है, तो उसे यकीन ही नहीं हुआ। बच्चा अपने घर वालों से ज्यादा अपने दोस्तों को मानता था।
घर में मचा हाहाकार, पत्नी बच्चे हुए बदहवास
बाबा जी का बाग अतरसुइया के रहने वाले बच्चा यादव के घर में उसकी हत्या की सूचना पहुंची तो घर वाले बदहवास हो गए। बच्चा कुछ घंटे पहले ही घर से सही सलामत निकला था। बच्चा की दो बेटियों बेबो व छवि और बेटे शिवांग का रो रोकर बुरा हाल था। पत्नी रेनू रोते-रोते बेहोश हो गई।