प्रयागराजः कोरोना की आशंका में पांच भर्ती, 93 के लिए गए नमूने
स्वरूपरानी नेहरू चिकित्सालय में कोरोना की आशंका में पांच लोगों को भर्ती किया गया है। ये सभी दूसरे जिलों के हैं। इसमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। उधर, स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के 93 लोगों के स्वाब सैंपल लेकर जांच के लिए मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग भेजा गया है। जबकि, शनिवार को भेजे गए 110 नमूनों की जांच रिपोर्ट निगेटिव आई है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से भेजे गए 93 लोगों के नमूने कांलिदीपुरम स्थित इंस्टीट्यूशनल क्वारंटीन सेंटर्स पर एकत्र किए गए हैं।
सर्दी, जुकाम, बुखार-खांसी या सांस लेने में तकलीफ होने पर सभी को कालिंदीपुरम लाया गया था। वहीं पर स्वाब सैंपल लेकर मेडिकल कॉलेज जांच को भेजा गया है। उधर, एसआरएन में रविवार को कोरोना की आशंका में भर्ती पांच लोगों में तीन मरीज रीवा के हैं। जबकि एक मरीज कौशांबी का और एक संत रविदासनगर का है। सभी की उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच की बताई जा रही है। सभी की जांच के लिए नमूना मेडिकल कॉलेज भेजा गया है।
शंकर घाट में 8772 और कपारी गांव में 5427 की हुई स्क्रीनिंग
स्वास्थ्य विभाग की ओर से रविवार को तेलियरगंज स्थित शंकरघाट और शंकरगढ़ के कपारी गांव में स्वास्थ्य टीमों ने अभियान चलाकर 14199 लोगों की स्क्रीनिंग की। इसमें शंकरघाट में 8772 और कपारी गांव में 5427 की लोगों की स्क्रीनिंग हुई। सीएमओ मेजर डॉ. जीएस बाजपेई ने बताया कि शंकरघाट के तीन किलोमीटर की परिधि में स्क्रीनिंग के लिए 25 लोगाें की टीम लगाई गई थी। टीमें 1369 घरों तक पहुंचीं जबकि शंकरगढ़ में 28 टीमों ने 1008 घरों तक पहुंचकर स्क्रीनिंग की। हालांकि कोई कोरोना संदिग्ध नहीं पाया गया। उन्होंने बताया कि इसके अलावा जिले भर में चल रहे अभियान में कुल 241381 व्यक्तियों का सर्वे किया गया।