प्रयागराज : कम नहीं हो रही ट्रेनों में भीड़, दिल्ली की कई गाड़ियों में नो रूम, जनरल कोच में पैर रखना मुश्किल
छठ का पर्व संपन्न होने के साथ ही परदेस वापसी की तैयारी तेज हो गई है। सोमवार से स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ और बढ़ने के आसार हैं, लेकिन रविवार को ही दिल्ली और मुंबई जाने वाली कई ट्रेनों में जगह नहीं बची। प्रयागराज एक्सप्रेस के जनरल कोच में चढ़ने के लिए यात्रियों को शाम से ही कतार लगानी पड़ी।
विस्तार
लोक आस्था के महापर्व छठ की छटा अब धीरे-धीरे विदा हो रही है। पर्व मनाने के बाद सोमवार से दूसरे शहरों में कामकाज और नौकरी के लिए लौटने वाले यात्रियों की भीड़ बढ़ने के आसार हैं। हालांकि, रविवार को ही महानगरों की ओर जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ देखने को मिली। दिल्ली और मुंबई मार्ग की कई गाड़ियों में आरक्षण पूरी तरह भर जाने से नो रूम की स्थिति रही। वहीं, सामान्य कोचों में भी यात्रियों को पैर रखने तक की जगह नहीं मिली। इससे यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।
वीआईपी ट्रेनों में शामिल प्रयागराज एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में रविवार को प्रतीक्षा सूची 141 तक पहुंच गई। एसी तृतीय श्रेणी में 82 और एसी द्वितीय श्रेणी में 65 तक की प्रतीक्षा सूची दर्ज की गई। अन्य प्रमुख ट्रेनों में भी सीटों के लिए मारामारी रही। वंदे भारत एक्सप्रेस के वातानुकूलित कुर्सीयान में प्रतीक्षा सूची 100 के पार पहुंच गई, जबकि शयनयान वंदे भारत के प्रथम वातानुकूलित श्रेणी में भी नो रूम की स्थिति रही।
आनंद विहार की ओर जाने वाली रीवा एक्सप्रेस, नॉर्थ ईस्ट एक्सप्रेस और सीमांचल एक्सप्रेस में भी यात्रियों को आरक्षित बर्थ पाने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। महाबोधि एक्सप्रेस के स्लीपर और एसी द्वितीय श्रेणी, ब्रह्मपुत्र मेल की सभी श्रेणियों तथा पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के एसी द्वितीय और तृतीय श्रेणी के कोचों में भी सीटें पूरी तरह भर गईं।
जनरल कोच में चढ़ने के लिए शाम से लगी कतार
आरक्षित सीटों के साथ ही अनारक्षित कोचों में भी यात्रियों की भारी भीड़ रही। इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि प्रयागराज जंक्शन पर दिल्ली जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस के सामान्य कोच में चढ़ने के लिए रविवार शाम से ही यात्रियों की लंबी कतार लग गई। ट्रेन के पहुंचने पर यात्रियों को कोच में सवार होने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान रेलवे सुरक्षा बल के जवानों ने यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ट्रेन में चढ़वाने में मदद की।
सोमवार से और बढ़ सकती है भीड़
छठ महापर्व के बाद सोमवार से नौकरी, कारोबार और पढ़ाई के सिलसिले में दूसरे शहरों में लौटने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में प्रयागराज से दिल्ली, मुंबई और अन्य महानगरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में भीड़ और बढ़ सकती है। यात्रियों को आरक्षित सीटों के लिए पहले से योजना बनाने की जरूरत होगी।
प्रयागराज मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए इस बार बड़ी संख्या में विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं। यात्रियों ने इनका लाभ भी उठाया है।
