प्रयागराज : सिराथू से ही विधानसभा चुनाव लड़ेंगी पल्लवी पटेल, गठबंधन पर जल्द होगा फैसला
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर सिराथू की विधायक पल्लवी पटेल ने अपना रुख साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि अगला चुनाव सिराथू से ही लड़ेंगी। साथ ही दावा किया कि भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए विपक्षी दल एक मंच पर आएंगे। अपना दल कमेरावादी प्रदेश की करीब 60 सीटों पर तैयारी कर रहा है, लेकिन गठबंधन में सीटों का समीकरण बदल सकता है।
विस्तार
सिराथू की विधायक पल्लवी पटेल ने साफ कर दिया है कि वह 2027 का विधानसभा चुनाव सिराथू सीट से ही लड़ेंगी। उनका कहना है कि बीते विधानसभा चुनाव में सिराथू की जनता ने उन पर भरोसा जताया था। ऐसे में उनका दायित्व है कि वह दोबारा इसी क्षेत्र से जनता की नुमाइंदगी करें। उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में विपक्षी दलों के गठबंधन को लेकर स्थिति जल्द साफ हो जाएगी।
रविवार को पल्लवी पटेल कौड़िहार में मुबारकपुर उपहार के पूर्व प्रधान मोईनुद्दीन उर्फ मुल्ला जी के आवास पर पहुंचीं। दो अक्तूबर को लंबी बीमारी के बाद उनका इंतकाल हो गया था। वह कमेरा पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता थे। पल्लवी पटेल ने उनके परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की।
इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि देश की राजनीति में ध्रुवीकरण का खेल चल रहा है। राजनीतिक लड़ाई दो खेमों में बंटकर लड़ी जा रही है। वर्ष 2027 का उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव बंगाल, बिहार, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के चुनावों से काफी अलग होगा। अपना दल कमेरावादी समेत वे सभी विपक्षी पार्टियां, जो भाजपा की सरकार को सत्ता से हटाना चाहती हैं, एक साथ आकर एक बैनर के नीचे चुनाव लड़ेंगी।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश केवल आबादी और विधानसभा सीटों के लिहाज से महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि दिल्ली की सत्ता तक पहुंचने का रास्ता भी इसी राज्य से होकर जाता है। इसलिए प्रदेश का चुनाव राष्ट्रीय राजनीति की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।।
सिराथू की जनता के बीच रहकर ही करूंगी नुमाइंदगी
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को लेकर पूछे गए सवाल पर पल्लवी पटेल ने कहा कि किसी भी नेता का राजनीतिक कद जनता तय करती है। पिछले विधानसभा चुनाव में सिराथू की जनता ने महज 12 दिनों में उन पर भरोसा जताकर उन्हें जीत दिलाई थी। ऐसे में उनका दायित्व है कि वह फिर से सिराथू की जनता के बीच रहकर उसकी नुमाइंदगी करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि अगला विधानसभा चुनाव भी सिराथू से ही लड़ेंगी।
60 सीटों पर तैयारी कर रही पार्टी
पल्लवी पटेल ने कहा कि अपना दल कमेरावादी प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों में से करीब 60 सीटों पर पिछले साढ़े तीन साल से लगातार चुनावी तैयारी कर रहा है। हालांकि, गठबंधन होने की स्थिति में सीटों की संख्या में बदलाव हो सकता है। उन्होंने कहा कि गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर जल्द स्थिति स्पष्ट हो जाएगी
