Mahakumbh : मंत्री एके शर्मा ने कहा घर के उत्सव की तरह संभाले महाकुंभ, सरकार के साथ सबकी जिम्मेदारी
प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने रविवार को कहा कि अब महाकुंभ आ ही गया है। एक उत्सव की तरह उसे हर एक प्रयागराजवासी संभाले। शहर में साफ सफाई ऐसी होनी चाहिए कि लोग गंदगी फैलाने के पहले खुद सोचे।
विस्तार
प्रदेश सरकार के नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने रविवार को कहा कि अब महाकुंभ आ ही गया है। एक उत्सव की तरह उसे हर एक प्रयागराजवासी संभाले। शहर में साफ सफाई ऐसी होनी चाहिए कि लोग गंदगी फैलाने के पहले खुद सोचे। सरकार ने व्यापक स्तर पर इस महाआयोजन की तैयारी की। हमें जो करना था कर दिया और कर भी रहे हैं, अब आपकी जिम्मेदारी है। नगर विकास मंत्री एके शर्मा ने यह बातें सर्किट हाउस में मेयर गणेश केसरवानी की मौजूदगी में कही।
मंत्री एके शर्मा ने कहा कि महाकुंभ का पहला स्नान कल (सोमवार) से शुरू हो रहा है। ऐसे में महाकुंभ में आए और आने वाले सभी श्रद्धालुओं, तीर्थ यात्रियों और पर्यटकों का उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से स्वागत करते हैं। कहा कि, भागीरथ ने तपस्या की और मां गंगा आने को तैयार भी हो गईं, लेकिन उन्होंने कहा कि मेरे इस वेग को संभालेगा कौन। तब भगवान शिव आए और उन्होंने मां गंगा को अपनी जटाओं में धारण किया।
सर्किट हाउस में स्टेक होल्डर्स और व्यापारियों की बैठक में मंत्री ने कहा कि अब शिव वाला रोल आपका आ गया है। महाकुंभ हमारी व्यवस्था से होने वाला नहीं है। इसका वेग हमारे रोकने से रुकने वाला नहीं है। प्रयाग के नागरिकों को, व्यपारियों को, प्रतिष्ठित लोगों को घर के उत्सव की तरह इसे मिलकर संभालना है। इसके पूर्व संवाददाताओं से हुई बातचीत में जब पीडीए के कुछ अधूरे कार्यों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि काम तकरीबन पूरा हो चुका है।
स्टेक होल्डर्स के साथ हुए विचार-विमर्श में मंत्री ने कहा कि सैकड़ों विदेशी संस्थाएं, यूनिवर्सिटीज, रिसर्च ऑर्गेनाइजेशन देखने आ रही हैं कि इतना बड़ा आयोजन कैसे करते हैं। ऐसे समय में महाकुंभ हो रहा है, जब देश पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। कहा कि हर व्यापारी अपनी दुकानों पर दीपावली की तरह झालर से सजाए। व्यापारियों से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने की भी अपील की। कहा कि प्लास्टिक बैग की जगह कपड़े के थैले का विकल्प दीजिए।
इस अवसर पर कारोबारी सुशील खरबंदा, राणा चावला, योगेश गोयल, शिवशंकर सिंह, नवीन अग्रवाल, पल्लवी अरोड़ा, अवंतिका टंडन, सुशांत केसरवानी, जीतू केसरवानी आदि मौजूद रहे। व्यापारियों ने बैठक में बताया कि महाकुंभ के लोगो लगे साइन बोर्ड बनवाए गए हैं।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से कहा- दुनिया भर में पहुंचाएं प्रयागराज का नाम
मंत्री एके शर्मा ने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ भी बैठक की। उन्होंने कहा कि आजकल सोशल मीडिया का जमाना है। आप लोग दुनिया भर में प्रयागराज का नाम पहुंचाएं। इस महाकुंभ में सरकार ने बहुत सारे काम किए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स से उनके सुझाव भी मांगे, जिसे लागू कर इसे और भी बेहतर बनाया जा सके।