दिल्ली पीजी हादसा: एमसीडी का बड़ा एक्शन, अवैध निर्माण पर आंखें मूंदने वाले तीन और इंजीनियर सस्पेंड
सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली में अनधिकृत निर्माण और खतरनाक इमारतों के खिलाफ एमसीडी का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। एमसीडी ने गुरुवार को सभी 12 जोनों में बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए 41 संपत्तियों में ध्वस्तीकरण, जबकि 61 संपत्तियों को सील किया।
विस्तार
दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए इमारत ढहने के हादसे को लेकर दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने कड़ा कदम उठाया है। इस मामले में ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में एमसीडी ने तीन और इंजीनियरों को निलंबित कर दिया है।
जानबूझकर निष्क्रियता बरतने का आरोप
एमसीडी द्वारा जारी किए गए एक आधिकारिक बयान में बताया गया है कि इन अधिकारियों पर क्षेत्र में हो रहे अवैध निर्माण के खिलाफ कोई ठोस कदम न उठाने और जानबूझकर निष्क्रियता बरतने का आरोप है।
अवैध निर्माण पर जीरो टॉलरेंस
अधिकारियों के मुताबिक, सत्य निकेतन में हुए इस गंभीर हादसे के बाद प्रशासन यह सुनिश्चित कर रहा है कि ड्यूटी में कोताही बरतने वाले किसी भी अधिकारी को बख्शा न जाए। अवैध निर्माण पर आंखें मूंदने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी जानलेवा घटनाओं को रोका जा सके।
एमसीडी ने 41 भवन ध्वस्त किए और 61 संपत्तियां सील की
सत्य निकेतन हादसे के बाद दिल्ली में अनधिकृत निर्माण और खतरनाक इमारतों के खिलाफ एमसीडी का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। एमसीडी ने गुरुवार को सभी 12 जोनों में बड़े पैमाने पर कार्रवाई करते हुए 41 संपत्तियों में ध्वस्तीकरण, जबकि 61 संपत्तियों को सील किया। इसके अलावा 32 कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ तीन संपत्तियों के खिलाफ ध्वस्तीकरण आदेश भी जारी किए गए। उसने बुधवार को 75 व मंगलवार को 31 संपत्तियों के खिलाफ कार्रवाई की थी।
कहां-कहां हुई कार्रवाई?
एमसीडी के मुताबिक, कार्रवाई का दायरा केवल अनधिकृत निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि खतरनाक भवनों, संपत्तियों के दुरुपयोग और मास्टर प्लान दिल्ली (एमपीडी) और भवन उपविधियों के उल्लंघन को भी इसमें शामिल किया गया है। उसने ईस्ट जोन में खुरेजी खास, जगतपुरी और लक्ष्मी नगर में कई स्थानों पर ध्वस्तीकरण कार्रवाई की गई। वेस्ट जोन में पश्चिमपुरी और मादीपुर में पहली से तीसरी मंजिल तक रूफ पैनल काटे गए। सुभाष नगर में रूफ पैनल काटने के साथ चौथी मंजिल की छत पर बने टॉयलेट ब्लॉक को ध्वस्त किया गया। सोम बाजार रोड, विपिन गार्डन, उत्तम नगर में भूतल का रूफ पैनल तोड़ा गया। आकाश विहार, बक्करवाला रोड के पास एक संपत्ति को पूरी तरह ध्वस्त किया गया।
वहीं नंगली विहार में पहली मंजिल के रूफ पैनल और दो दीवारें और निहाल विहार, नांगलोई में चौथी मंजिल के दो स्लैब पैनल ध्वस्त किए गए। सेंट्रल जोन में मदनपुर खादर एक्सटेंशन स्थित जी+5 भवन पर भी कार्रवाई हुई। यहां पांचवीं मंजिल के चार पैनल काटने के बाद पूरी इमारत को सील कर दिया गया। एमसीडी ने स्पष्ट किया है कि अनधिकृत निर्माण, संपत्तियों के दुरुपयोग और खतरनाक संरचनाओं के खिलाफ अभियान आने वाले दिनों में और तेज किया जाएगा।
1,355 पीजी भवनों का सर्वे किया
एमसीडी ने दिल्लीभर में पेइंग गेस्ट (पीजी) आवासीय भवनों का व्यापक फील्ड सर्वेक्षण भी किया है। उसके अनुसार अब तक 1,355 भवनों की पहचान हुई है, जहां पीजी सुविधाएं संचालित हो रही हैं। इन भवनों में करीब 27 हजार लोग रह रहे हैं। एमसीडी का कहना है कि सर्वेक्षण का उद्देश्य पीजी भवनों का विस्तृत डेटाबेस और उनके संबंध में आगे की नियामक एवं प्रवर्तन कार्रवाई की रूपरेखा तैयार करना है। इससे पीजी के रूप में इस्तेमाल हो रही संपत्तियों, उनकी स्थिति और संभावित नियम उल्लंघनों की पहचान करने में मदद मिलेगी।