सोरांव में हत्या के बाद किसान को पुआल रखकर जलाया, गांव में सनसनी, तीन आरोपी हिरासत में
पोस्टमार्टम से हुआ खुलासा, हत्या के बाद लाश जलाई
विस्तार
सोरांव के तेजपुर गांव में शुक्रवार रात दिल दहला देने वाली घटना में किसान हरिश्चंद्र शर्मा की हत्या के बाद पुआल डालकर आग लगा दी गई। हरिश्चंद्र घर से कुछ दूर पर खेत में ही झोपड़ी बनाकर वहीं रहता था। शनिवार की सुबह लोगों ने देखा कि उसकी झोपड़ी धू धू कर जल रही थी। फायर ब्रिगेड ने प्रयास कर आग पर काबू पाया।
अंदर पुआल में बुरी तरह जली हुई हरिश्चंद्र की लाश पड़ी थी। घटना को लेकर गांव में तनाव बढ़ गया है। पुलिस तैनात है। घर वालों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि जिन तीन लोगों को नामजद कराया गया है, उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एक फरार है। उसकी तलाश की जा रही है।
तेजूपुर गांव के रहने वाले हरिश्चंद्र शर्मा (50) किसान थे। वह खाली समय में नाई का भी काम करते थे। उनका घर से करीब एक किलोमीटर उनका खेत था। वह वहीं झोपड़ा बनाकर सोते थे। शुक्रवार की रात भी वह घर में खाना खाकर झोपड़ी में सोने के लिए चले गए थे। रात में हरिश्चंद्र की हत्या कर झोपड़े में पुआल डालकर आग लगा दी।
धू धू कर झोपड़ी जलने लगी तब तक कुछ लोगों ने देख लिया। शोर मचाकर लोगों को इकट्ठा किया गया और फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। गाड़ी ने आग बुझाई। इसके बाद देखा गया कि पुआल में हरिश्चंद्र की बुरी तरह से जली हुई लाश पड़ी थी। घटना को लेकर घर वाले बेहद आक्रोशित थे। हरिश्चंद्र के भाई गुलाबचंद्र ने पड़ोसी गांव के ही तीन लोगों पर हरिश्चंद्र को जिंदा जला देने का आरोप लगाया। पुलिस से बताया गया कि हरिश्चंद्र को पट्टे की जमीन मिली थी जिसे लेकर विपक्षी विवाद कर रहे थे।
वे जमीन पर कब्जा करना चाहते थे। वहीं बगल में बाग है जहां विपक्षियों का पुआल रखा है। झोपड़ी में पुआल डालकर ही आग लगाई गई है। घर वालों की तहरीर पर पुलिस ने आजाद और रमेश समेत तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। उनसे पूछताछ की जा रही है। उधर गांव में दो पक्षों के बीच तनाव को देखते हुए फोर्स तैनात कर दी गई है। दिन में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए थे। इस कारण बाहर से भी फोर्स को बुलाना पड़ा। मौके पर एसपी गंगापार धवल जायसवाल, सीओ अमिता सिंह और इंस्पेक्टर तमाम अधिकारी मौजूद थे। घर वालों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज तीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
- पुलिस को सूचना मिली थी कि झोपड़ी में हरिश्चंद्र का शव जली हुई अवस्था में मिला। घर वालों ने तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्हें हिरासत में लिया गया है। पूछताछ हो रही है। धवल जायसवाल, एसपी गंगापार