पीसीएस में दो अवसर के लिए आयोग पर जमावड़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीसैट से प्रभावित अभ्यर्थियों को दो अतिरिक्त अवसर दिए जाने की मांग को लेकर प्रतियोगियों का उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग पर सोमवार को एक बार फिर जमावड़ा हुआ। प्रतियोगी चेयरमैन से इसका प्रस्ताव शासन को भेजे जाने की मांग कर रहे थे। प्रतियोगी काफी देर तक डटे रहे, लेकिन अफसरों से उनकी वार्ता नहीं हो सकी। इस मांग को लेकर प्रतियोगी लगातार आंदोलनरत हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री समेत कई मंत्रियों और सपा नेताओं से मिलकर भी मांग रखी थी, लेकिन अभी तक उन्हें आश्वासन ही मिलता रहा है। अब तो मांग पूरी होने की उम्मीद भी खत्म होती दिख रही है। आयोग के अफसर इसके पक्ष में नहीं हैं। इसके अलावा आवेदन की आखिरी तारीख भी खत्म हो गई है। इससे प्रतियोगियों में निराशा और नाराजगी है। आयोग दफ्तर पर जुटे प्रतियोगियों ने इस मांग को लेकर तेज आंदोलन की घोषणा भी की।
वहीं माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड के साथ उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग में भी अध्यक्ष और सदस्यों की नियुक्ति के साथ असिस्टेंट प्रोफेसर की भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की मांग एक बार फिर शुरू हो गई है। आल इंडिया पीपुल्स फ्रंट की ओर से मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर इसकी मांग की गई। संगठन की सोमवार को हुई बैठक में प्रतियोगियों का कहना था कि आयोग की पूर्व में कई भर्तियां रद्द हो चुकी हैं। अब विज्ञापन संख्या 46 के साथ भी वही हो रहा है। इस भर्ती के अंतर्गत असिस्टेंट प्रोफेसर के 1652 पदों के लिए लिखित परीक्षा हो चुकी है, लेकिन अध्यक्ष और सदस्यों के नहीं होने की वजह से पूरी प्रक्रिया ठप हो गई है। प्रतियोगियों ने मांग के समर्थन में जनसंपर्क अभियान भी चलाया। उन्होंने तेज आंदोलन की घोषणा की। आंदोलन की रणनीति पर चर्चा के लिए 29 मार्च को बैठक बुलाई गई है। बैठक में राजेश सचान, अनुराग वर्मा, अरविंद यादव, सुनील यादव, नारेंद्र सिंह आदि मौजूद रहे।