गर्मी की छुट्टियों की मांग को लेकर राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (आरएमपीयू) शिक्षक संघ से जुडे शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सोमवार को चिलचिलाती धूप में पैदल मार्च किया। उन्होंने कुलपति को ज्ञापन सौंपकर एक जून से परीक्षा में असहयोग की चेतावनी दी है।
एएमयू सर्किल पर दोपहर 1:30 बजे शहर के सभी कॉलेजों के शिक्षक-शिक्षिकाएं एकत्र हुए। इसके बाद यहां से पैदल मार्च शुरू हुआ, जो आरएमपीयू कैंप कार्यालय तक हुआ। इस दौरान नारेबाजी भी की गई। समिति के अध्यक्ष व डॉ. बीआर आंबेडकर विश्वविद्यालय शिक्षक संघ के अध्यक्ष डॉ. ओमवीर सिंह ने बताया कि हम कुलपति के आदेश के खिलाफ नहीं हैं। अलबत्ता, आदेश में जो बंदिशें लगाई गई हैं, उसके विरोध में हैं। उनका कहना है कि जब ऑनलाइन कक्षाएं कराएंगे और प्रवेश प्रक्रिया में शामिल होंगे, तब इन छुट्टियों का मतलब क्या है। हालांकि, विश्वविद्यालय प्रशासन ने एक जून से 30 जून तक ग्रीष्मावकाश का आदेश दिया है। इस अवधि में कक्षाएं ऑनलाइन चलती रहेंगी। साथ ही प्रवेश प्रक्रिया भी जारी रहेगी। पैदल मार्च में डॉ. मुकेश भारद्वाज, डॉ. भारत सिंह, डॉ. पुष्पेंद्र सिंह, डॉ. नीता, डॉ. मंजू सिंह, रुचिन वर्मा आदि शामिल रहे। इस संबंध में कुलपति प्रो. चंद्रशेखर ने बताया कि शिक्षकों ने ज्ञापन सौंपा है। उनकी मांगों पर सहानुभूति निर्णय लिया जाएगा।