एएमयू के वीसी ऑफिस में हथियारों के साथ पहुंचे छात्र, उपद्रव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अधिकारियों का कहना है कि हथियार के साथ पहुंचे युवक वीसी पर हमला की नीयत से आए थे। देर रात विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए निवर्तमान उपाध्यक्ष हमजा सुफयान को 5 साल के लिए निष्कासित एवं सचिव हुजैफा आमिर को निलंबित कर दिया है। वहीं छात्र नेता आरोप को निराधार बता रहे हैं। रजिस्ट्रार कार्यालय पर सोमवार को छात्र नेताओं ने हंगामा कर ताला ठोक दिया था। इस मामले में छात्र संघ के निवर्तमान सचिव हुजैफा आमिर सहित तीन नामजद एवं अज्ञात लोगों के खिलाफ थाने में एफआईआर दर्ज हुआ है। एएमयू प्रॉक्टर द्वारा बुधवार को सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। डीएसडब्लू के साथ अभद्रता के मामले में निवर्तमान उपाध्यक्ष हमजा सुफयान सहित दो छात्रों को एएमयू प्रशासन द्वारा बुधवार को निलंबित कर दिया गया। कारण बताओ नोटिस एवं निलंबन का आदेश आने के बाद से एएमयू का माहौल गरमाने लगा। शाम में मौलाना आजाद लाइब्रेरी परिसर स्थित कैंटीन में छात्र नेताओं ने जनरल बॉडी मीटिंग कर वीसी से बातचीत करने का निर्णय लिया।
वहां से 30-35 छात्र सीधे वीसी एवं रजिस्ट्रार आफिस पहुंचे। संयोग से कुलपति प्रो. तारिक मंसूर अलीगढ़ से बाहर थे। आरोप है कि हथियारों के साथ पहुंचे छात्र नेताओं ने वीसी ऑफिस के कर्मचारियों को जबरन बाहर निकाल दिया और गेट पर ताला डाल दिया। यहीं नहीं कर्मचारियों के साथ बदसलूकी भी की। वीसी ऑफिस एवं रजिस्ट्रार ऑफिस को बंद कराने के बाद छात्र वहां से चुंगी गेट पहुंचे और उसे बंद कराकर प्रदर्शन करने लगे। देर रात तक चुंगी गेट बंद है। वीसी ऑफिस के कर्मचारियों की शिकायत के बाद विश्वविद्यालय के उच्चाधिकारी एक्शन में आ गए। देर रात उच्चस्तरीय बैठक के बाद हमजा सुफयान को विश्वविद्यालय से 5 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया। इसके साथ ही सचिव हुजैफा आमिर को निलंबित कर दिया गया है।
दोपहर में निलंबित, रात में 5 साल के लिए निष्कासित
अलीगढ़। डीएसडब्लू के साथ अभद्रता मामले में एएमयू छात्र संघ के निवर्तमान उपाध्यक्ष हमजा सुफयान को दोपहर में निलंबन की सूचना मिली। वीसी ऑफिस में उपद्रव के बाद रात में 5 साल के लिए विश्वविद्यालय से निष्कासित कर दिया गया। वहीं निवर्तमान सचिव हुजैफा आमिर को जांच पूरी होने तक के लिए निलंबित कर दिया गया है। रजिस्ट्रार के साथ नोकझोंक एवं कार्यालय में उत्पाद करने के आरोप में आज ही उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था। इसी मामले को लेकर मंगलवार रात्रि में हुजैफा आमिर पुत्र मो. आमिर रशादी निवासी मो. हबीब हॉल एएमयू, मो. राजिक पुत्र अबु तालिब निवासी चकिया, आजमगढ़ एवं मो. अबु बकर पुत्र उवैद उर रहमान निवासी अल्लामा इकबाल अपार्टमेंट, सर सैयद नगर अलीगढ़ सहित अज्ञात लोगों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में एफआईआर दर्ज हुआ था। हमजा एवं हुजैफा के कैंपस एवं एएमयू संस्थानों में प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।
खुदा की कसम खामोश रहे तो बहुत दर्द होगा : हुजैफा
अलीगढ़। मौलाना आजाद लाइब्रेरी कैंटीन में आयोजित छात्रों की जनरल बॉडी मीटिंग में हुजैफा आमिर ने आक्रमक भाषण दिया था। उन्होंने कहा कि कैंपस में पुलिस का आवागमन बढ़ रहा है। पूर्व अध्यक्ष फैजुल हसन को 10 घंटे थाने में बैठाया गया। पूर्व अध्यक्ष मशकूर अहमद पर एफआईआर दर्ज कर परेशान किया गया। सद्दाम हुसैन को गिरफ्तार किया गया। फरवरी में आंदोलन के दौरान मुकदमा वापस लेने का वादा किया गया लेकिन कुछ नहीं हुआ। सर्किल पर पुलिस चौकी बनवाई जा रही है। आज आपलोग खामोश रहे तो खुदा की कसम आने वाले समय में बहुत दर्द होगा। हमको जो बनना था बन गया। हमलोग आप लोगों के लिए लड़ रहे हैं। प्रशासन के खिलाफ आवाज उठाने वाले को दबाया जा रहा है।
एएमयू प्रशासन द्वारा हथियार लेकर आने का गलत आरोप लगाया जा रहा है। निलंबन को लेकर छात्रों के साथ वीसी से बातचीत करने गए थे। कोई हथियार लेकर नहीं गया था। एएमयू प्रशासन साबित कर दें तो मैं स्वयं एएमयू से चला जाऊंगा। बाहरी कोई हथियार लेकर आता है तो उसे देखना प्रॉक्टर का काम है।
- हमजा सुफयान, निवर्तमान उपाध्यक्ष, एएमयू छात्र संघ
अपनी तानाशाही को छुपाने के लिए एएमयू प्रशासन द्वारा हथियार लेकर आने का आरोप लगाया जा रहा है। छात्रों पर अत्याचार हो रहा है। हमलोग वीसी से बातचीत करने गए थे। छोटी बात पर करीब 40 छात्रों को डिबार कर दिया गया है। छात्रों की बात नहीं सुनी गई तो हंगामा हुआ और ताला लगाया गया।
- हुजैफा आमिर, निवर्तमान सचिव, एएमयू छात्र संघ
वीसी पर हमले की नीयत से कुछ लोग हथियार लेकर पहुंचे थे। ऑफिस से वहां के कर्मचारियों को जबरन बाहर निकाल दिया गया। उन्हें धमकाया गया एवं उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। वीसी ऑफिस के गेट पर ताला मार दिया गया। हमजा सुफयान को 5 साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है। हुजैफा आमिर को निलंबित किया गया है। डीएम व एसएसपी को पूरी घटना से अवगत कराया जा रहा है
- प्रो. शाफे किदवई, एएमयू प्रवक्ता