अलीगढ़: वूलन मार्केट की 16 दुकानों में लगी भीषण आग, आठ लोग बचे, चालक बोले-जिंदा जलाने की कोशिश
टिंकू सिंह कुंजीलाल स्वीट्स के पास लगभग 650 गज का प्लॉट किराये पर लेकर लगभग 10 साल से वूलन मार्केट लगा रहे हैं। इस वर्ष मार्केट में 16 दुकान लगाई गईं हैं। इन दुकानों पर उनके रिश्तेदार व परिवार के लोग बैठते हैं।
विस्तार
अलीगढ़ में क्वार्सी थाना क्षेत्र के रामघाट रोड स्थित वूलन मार्केट में शुक्रवार सुबह लगभग पांच बजे भीषण आग लग गई। इस मार्केट में 16 दुकानें हैं और आग लगने के दौरान संचालक टिंकू सिंह समेत आठ लोग मौजूद थे। उन्होंने समय रहते जान बचाई। टिंकू सिंह ने पुलिस से शिकायत कर मार्केट में आग लगाने और जिंदा जलाने की कोशिश का आरोप लगाया है। उनका कहना है एक शख्स ने अंजाम भुगतने की धमकी दी थी। हालांकि सीओ का कहना है कि दमकलकर्मियों ने शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई है।
मूल रूप से जवां थाना क्षेत्र के गांव भोजपुर गढि़या निवासी टिंकू सिंह बंसल कॉलोनी में रहते हैं। उनका कहना है कि वह कुंजीलाल स्वीट्स के पास लगभग 650 गज का प्लॉट किराये पर लेकर लगभग 10 साल से वूलन मार्केट लगा रहे हैं। इस वर्ष मार्केट में 16 दुकान लगाई गईं हैं। इन दुकानों पर उनके रिश्तेदार व परिवार के लोग बैठते हैं।
बृहस्पतिवार रात मार्केट बंद होने के बाद टिंकू सिंह, मनोज कुमार, रुपेश, अभिषेक, अरुण, रामभूल सहित आठ लोग वहां सो रहे थे। चौकीदार जहीर भी वहां मौजूद था। टिंकू सिंह ने बताया कि जहीर ने उन्हें जानकारी दी कि सुबह लगभग पांच बजे उन्हें झपकी लगी थी। उनकी उपर से किसी के लिक्विड फेंकने पर आंख खुली।
इसके बाद पहली दुकान में रखे कंबलों में आग लग गई। जहीर के शोर मचाने पर मार्केट में सो रहे सभी लोग बाहर निकले। वहां रखी पानी की टंकी से आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को सूचना दी गई। कुछ ही देर में आग पूरे मार्केट व सभी दुकानों में फैल गई। आग की लपटें और धुआं उठने लगा।
जल गया सभी सामान, झुलसा युवक
टिंकू सिंह का कहना है कि आग लगने के बाद वह और उनके साथी आग बुझाने के प्रयास में जुट गए थे। आसपास के लोग भी आग बुझाने का प्रयास कर रहे थे। इसी प्रयास में उनका साथी रूपेश का पेट झुलस गया। हालांकि उसकी हालत फिलहाल ठीक है। उनका आरोप है कि दमकलकर्मी सूचना के बाद भी देरी से पहुंचे। मार्केट में लगभग दो करोड़ का सामान था। लगभग सभी सामान उनकी आंखों के सामने जल गया।
आग के कारणों की जांच जारी
एफएसओ संजीव कुमार सिंह का कहना है कि 5:26 बजे सूचना मिली थी। कुछ देर बाद ही दमकलकर्मी पहुंच गए थे। मौके पर दमकल की कुल पांच गाड़ियां पहुंचीं और करीब 35 मिनट के अंदर आग बुझा ली गई। क्षति मार्केट के पीछे की ओर अधिक लगी है। उस साइड ऊंचे भवन हैं। मौके से सिलिंडर चूल्हा और बर्तन भी मिले हैं। जांच जारी है, आग लगने के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
27 अक्तूबर को धमकी देने का आरोप
टिंकू सिंह का कहना है कि रामघाट रोड पराग डेयरी के पास हमसे पहले कोई और व्यक्ति बाजार लगाता था। 27 अक्तूबर को उनका भतीजा नवीन क्वार्सी के पास राशन लेने गया था। वहां पहले से बाजार लगाने वाले व्यक्ति ने नवीन से कहा था कि टिंकू सिंह को बता देना कि वह बदला जरूर लेगा। आरोप है कि उसने आग लगाने की भी धमकी दी थी। टिंकू सिंह का कहना है कि उसे जान का खतरा है, इसलिए उन्होंने हथियार के लाइसेंस के लिए आवेदन किया था, लेकिन लाइसेंस नहीं बन पाया है।
फुटेज से की जा रही जांच
सीओ तृतीय सर्वम सिंह का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज आदि से जांच की जा रही है। अभी तक आग लगाने का साक्ष्य नहीं मिला है। जांच में अगर आरोपों की पुष्टि होती है तो कार्रवाई की जाएगी।