Police Recruitment Exam: पहले दिन 4621 अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा, दो संदिग्ध पकड़े, उतरवाईं राखी-बेल्ट
पुलिस भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों को तीन स्तरीय जांच से गुजरना पड़ा। कॉलेज के मुख्य गेट पर पुलिस कर्मियों ने महिला अभ्यर्थियों के क्लेचर, चिमटी, क्लिप मेटल, रिंग, सोने-चांदी के गहने, हाथ में पहने कंगन, चूड़ी आदि उतरवा दिए, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों को बेल्ट, हाथ में बंधी राखी, गले का धागा, चेन, अंगूठी, सिक्का आदि सामान ले जाने पर रोका जा रहा था।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अलीगढ़ कड़ी सुरक्षा के बीच 23 अगस्त से पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा शुरू हो गई। 20 केंद्रों पर हुई परीक्षा में पहले दिन दो पालियों में 17,808 अभ्यर्थियों में से 13,187 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 4621 ने परीक्षा छोड़ दी। पहली पाली में दो संदिग्ध अभ्यर्थियों को बायोमीट्रिक जांच में पकड़ा गया। बाद में दस्तावेजों की जांच-पड़ताल के बाद उनको परीक्षा में शामिल होने की इजाजत दी गई।
इस साल फरवरी में पेपर लीक होने की वजह से पुलिस भर्ती परीक्षा रद्द कर दी गई थी। यही वजह रही कि इस बार सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। केंद्रों पर स्टेटिक व सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। नोडल अधिकारी एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट ने बताया कि पहली पाली में 8,904 अभ्यर्थियों में से 6,539 ने परीक्षा दी और 2365 ने परीक्षा छोड़ दी।
दूसरी पाली में 8,904 अभ्यर्थियों में से 6,648 परीक्षा में शामिल हुए व 2256 ने परीक्षा छोड़ दी। उन्होंने बताया कि 24, 25, 30 व 31 अगस्त को भी पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा होगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कंट्रोल रूम से निगरानी की गई। परीक्षा केंद्रों का आईजी शलभ माथुर, डीएम विशाख जी., एसएसपी संजीव सुमन ने निरीक्षण कर जायजा लिया।
पुलिस भर्ती परीक्षा पहले दिन दोनों पालियों में शांतिपूर्वक संपन्न हुई है। सुबह की पाली में शहर के नौरंगाबाद स्थित डीएवी इंटर कॉलेज व चंपा अग्रवाल कन्या इंटर कॉलेज अचलताल में एक-एक अभ्यर्थी को बायोमीट्रिक जांच में मिलान न होने पर पकड़ा गया था, लेकिन दस्तावेजों की जांच-पड़ताल के बाद उन्हें परीक्षा में शामिल होने की इजाजत दे दी गई।
- मृगांक शेखर पाठक, एसपी सिटी
उतरवाई गईं राखी, बेल्ट...क्लेचर और चिमटी
पुलिस भर्ती परीक्षा में अभ्यर्थियों को तीन स्तरीय जांच से गुजरना पड़ा। कॉलेज के मुख्य गेट पर पुलिस कर्मियों ने महिला अभ्यर्थियों के क्लेचर, चिमटी, क्लिप मेटल, रिंग, सोने-चांदी के गहने, हाथ में पहने कंगन, चूड़ी आदि उतरवा दिए, जबकि पुरुष अभ्यर्थियों को बेल्ट, हाथ में बंधी राखी, गले का धागा, चेन, अंगूठी, सिक्का आदि सामान ले जाने पर रोका जा रहा था। इसके बाद दूसरे गेट पर एक लाइन में पुरुष अभ्यर्थियों को तो दूसरी लाइन में महिला अभ्यर्थियों को जांच-पड़ताल के बाद कक्ष में अंदर जाने दिया जा रहा था। इसके बाद कक्ष में अभ्यर्थियों की जांच की गई। पहली पाली में प्रात: आठ बजे से तो दूसरी पाली में दोपहर एक बजे से ही अभ्यर्थियों को चेकिंग के बाद प्रवेश दिया गया।
आसान पेपर मिला तो अभ्यर्थियों के चेहरे खिले
पिछली बार भी पुलिस भर्ती परीक्षा दी थी। तब की अपेक्षा इस बार पेपर ज्यादा आसान था, पेपर बहुत बढ़िया हुआ। - दीक्षा, दिल्ली।
परीक्षा में पूछे गए प्रश्न काफी सरल थे। तैयारियों के अनुसार आसानी से पेपर हल कर दिया। - मीनू राजपूत, कासगंज
परीक्षा में सख्ती ज्यादा थी, लेकिन पेपर आसान होने से ज्यादा परेशानी नहीं हुई। उम्मीद है कि परिणाम आशा के अनुकूल आएगा। - राहुल राना, आगरा।
परीक्षा में कुछ प्रश्न कठिन जरूर थे, लेकिन कुल मिलाकर पेपर अच्छा हुआ है। - हर्षित शर्मा, गाजियाबाद।