जल्द ही राष्ट्रीय स्तर के हवाई अड्डे में तब्दील होने जा रहे धनीपुर मिनी एयरपोर्ट के विस्तारीकरण की रूपरेखा सोमवार को बनेगी। चुनाव की व्यवस्थाओं में व्यस्त प्रशासनिक अफसर मतदान के बाद थोड़ी फुर्सत में हैं। विस्तारीकरण के मामले में स्थानीय अफसरों के साथ विचार विमर्श के लिए एयरपोर्ट अथारिटी ऑफ इंडिया के अधिकारियों की टीम आ रही है। टीम के साथ विचार विमर्श के बाद विस्तारीकरण का खाका तैयार करने का काम शुरू हो जाएगा।
हाल ही में मिनी हवाई अड्डे में तब्दील हुए धनीपुर हवाई अड्डे के विस्तार की योजना है। इसके लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय स्तर से पिछले माह प्रशासन से 300 एकड़ भूमि अधिग्रहीत करने के निर्देश जारी हुए थे। इस भूमि का उपयोग हवाई अड्डे की हवाई पट्टी के विस्तारीकरण में होना है। लेकिन विधानसभा चुनाव 2022 की आचार संहिता लागू हो जाने और उसके बाद नामांकन समेत अन्य प्रक्रियाओं में उलझने के कारण अफसर इन निर्देशों का अनुपालन नहीं करा सके। हवाई अड्डे के प्रभारी अधिकारी एवं सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप वर्मा ने बताया कि सोमवार को एयरपोर्ट अथॉरिटी की टीम आ रही है। यह टीम हवाई अड्डे के विस्तारीकरण मामले पर स्थानीय अफसरों से विचार विमर्श करेगी। बातचीत के बाद तय हो सकेगा कि टीम हवाई पट्टी, टर्मिनल बिल्डिंग अथवा किस चीज के विस्तार के लिए भूमि चाहती है। इस महत्वपूर्ण बैठक में तहसील कोल के लेखपाल एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। निर्देशों के अनुसार हवाई अड्डे के विस्तारीकरण का काम शुरू कराया जाएगा।