PET Exam: दूर सेंटर, गोमती सवा दो घंटे हुई लेट....250 छात्रों के लिए बंद हुए परीक्षा केंद्र के गेट
अलबरकात पब्लिक, कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल, जनता इंटर कॉलेज छेरत, विजडम पब्लिक स्कूल, ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल, आयशा तरीन समेत अन्य केंद्रों पर भी 150 से अधिक अभ्यर्थियों की परीक्षा छूट गई। ये सभी कानपुर, रायबरेली, ईटावा, कन्नौज, एटा, हाथरस, फतेहपुर, प्रतापगढ़ से गोमती एक्स्प्रेस से परीक्षा देने आए थे।
विस्तार
गोमती एक्सप्रेस सवा दो घंटे लेट अलीगढ़ पहुंची। इसका निर्धारित समय 12-08 है लेकिन यह एक्सप्रेस 2-21 पर आई। कानपुर, रायबरेली, ईटावा, कन्नौज, एटा, हाथरस, फतेहपुर, बांदा और प्रतापगढ़ से प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) देने पहुंचे छात्रों ने ट्रेन से उतरते ही अपने केंद्रों पर पहुंचने के लिए दौड़ लगा दी। जिसे जो भी सवारी मिली उस पर ही बैठ गया। इनमें 42 छात्रों का परीक्षा केंद्र अलबरकात पब्लिक स्कूल था। जहां पहुंचते पहुंचते इन्हें 2-46 तक का समय हो गया। उस समय तक परीक्षा केंद्र के गेट बंद हो चुके थे। यह काफी गिड़गिड़ाए लेकिन प्रवेश नहीं मिल सका। इसी प्रकार अलग अलग सेंटरों पर 450 अभ्यर्थी ऐसे थे जो देरी से पहुंचे। जिनमें गोमती एक्सप्रेस के लेट होने से 250 अभ्यर्थी निराश होकर लौट गए।
6 सितंबर को दूसरी पाली में दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक प्रारंभिक अर्हता परीक्षा थी। अलीगढ़ में गोमती एक्सप्रेस से आने वाले अभ्यर्थियों की संख्या करीब 250 थी। लेकिन यह ट्रेन सवा दो घंटे की देरी से पहुंची। प्लेटफॉर्म नंबर-चार पर ट्रेन रुकते ही परीक्षार्थियों ने बाहर की ओर दौड़ लगा दी। ई-रिक्शा में बैठकर परीक्षार्थी अलग-अलग दिशाओं में केंद्रों के लिए रवाना हो गए। इधर, केंद्रों पर 2:45 बजे के बाद प्रवेश रोक दिया गया। इसके बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को प्रवेेश नहीं मिला। अभ्यर्थी ट्रेन लेट होने की बात कहकर रोते-गिड़गिड़ाते रहे लेकिन जिम्मेदारों ने बायोमीट्रिक डिवाइस लॉक होने की बात कहकर प्रवेश करने से रोक दिया।
अलबरकात पब्लिक, कृष्णा इंटरनेशनल स्कूल, जनता इंटर कॉलेज छेरत, विजडम पब्लिक स्कूल, ब्रिलिएंट पब्लिक स्कूल, आयशा तरीन समेत अन्य केंद्रों पर भी 150 से अधिक अभ्यर्थियों की परीक्षा छूट गई। ये सभी कानपुर, रायबरेली, ईटावा, कन्नौज, एटा, हाथरस, फतेहपुर, प्रतापगढ़ से गोमती एक्स्प्रेस से परीक्षा देने आए थे।
गोमती ट्रेन लेट हो गई। जैसे-तैसे परीक्षा केंद्र पर दोपहर 2:40 बजे पहुंचे। केंद्र पर जिम्मेदार लोगों से विनती भी की, लेकिन मुझे प्रवेश नहीं दिया। - कौशलेंद्र, कानपुर
गोमती ट्रेन में परीक्षा देने वाले एक हजार से ज्यादा परीक्षार्थी थे। जिनका केंद्र नजदीक था, वह पहुंच गए। जिनका दूर था, वह परीक्षा देने से वंचित रह गए। - पंकज, कन्नौज
सुबह 9:40 बजे परीक्षा केंद्र पर आ गया था, जब तक गेट खुला हुआ था। वहां पर मौजूद लोगों ने कहा कि मोबाइल बाहर जमा कर आओ। सड़क पार कर एक दुकानदार के यहां मोबाइल जमा करके आया, तो देखा गेट बंद था। बहुत प्रार्थना की, लेकिन एंट्री नहीं दी। - विकास बाबू, कानपुर
रोडवेज बस से सारसौल बस अड्डे आ गया था। परीक्षा केंद्र तक आने के लिए ई-रिक्शा पर बैठ गया। मसूदाबाद, रसलगंज और फिर गांधीपार्क चौराहा पर लगे जाम में फंस गया। जैसे-तैसे परीक्षा केंद्र पहुंचा, लेकिन बताया गया कि देरी की वजह से अब एंट्री नहीं मिलेगी। - अमन, दिल्ली
परीक्षा देने के लिए केंद्र पहुंचना था। बस ने शहर में 9:10 बजे पहुंचा दिया। रास्ते में कई बार जाम में ई-रिक्शा फंस गया और केंद्र पर पहुंचने में देरी हो गई। बस अड्डे से केंद्र तक पहुंचने में 30 मिनट लग गए। - जिग्नेश यादव, इटावा
सामान्य ज्ञान और गणित के सवालों ने उलझाया
प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) में सामान्य ज्ञान और गणित के प्रश्नों ने परीक्षार्थियों को उलझाया। परीक्षार्थियों ने बताया कि पेपर अच्छा हुआ है, लेकिन इस बार सामान्य ज्ञान और गणित के प्रश्नों ने उलझाया है। सामान्य ज्ञान से प्रश्न ज्यादा आए थे।
परीक्षार्थियों ने पहली पाली की परीक्षा में प्रश्न पत्र नंबर-64 से 68 तक पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मार्केटिंग और फाइनेंस से जुड़े प्रश्न थे, लेकिन मार्केटिंग का जिक्र नहीं था। कानपुर के भारतेंदु ने बताया कि सामान्य ज्ञान के ज्यादा प्रश्न आए थे। एटा की अनुसुइया ने बताया कि गणित के प्रश्नों में दिक्कतें हुई हैं। कानपुर के आलोक बताया कि रीजनिंग के प्रश्नों को हल करने में दिक्कतें हुईं। राज वर्मा ने बताया कि रसायन विज्ञान के प्रश्न थोड़े कठिन थे।
पहले दिन गैर हाजिर रहे 9343 परीक्षार्थी
अलीगढ़ जिले के 37 केंद्रों पर शनिवार को दो पालियों में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा 2025 (पीईटी) हुई। इसमें कुल 37152 परीक्षार्थियों में से 26809 परीक्षा में शामिल हुए जबकि 9343 गैर हाजिर रहे। इस तरह कुल 74.86 प्रतिशत परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए। इनमें से करीब 450 परीक्षार्थी ऐसे थे जिनकी परीक्षा बस, ट्रेन लेट होने या जाम में फंसने से छूट गई थी।
पहली पाली की परीक्षा सुबह 10 से 12 बजे के बीच हुई। इसमें कुल पंजीकृत 18576 परीक्षार्थियो में से 13986 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 4590 गैर हाजिर रहे। दूसरी पाली दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक हुई। इसमें कुल पंजीकृत 18576 परीक्षार्थियों में से 13823 परीक्षा दे सके। 4753 परीक्षार्थी गैर हाजिर रहे।
परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले सघन तलाशी के साथ बायोमीट्रिक जांच की गई। अभ्यर्थियों के कंगन, बालों में लगाई जाने वाली क्लिप, चूड़ी, घड़ी, बेल्ट आदि कक्ष में प्रवेश से पहले ही ले लिए गए। सभी की मेटल डिटेक्टर से तलाशी भी ली गई। एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट ने बताया कि परीक्षा शांतिपूर्ण रही। कहीं से किसी भी प्रकार की अनियमितता या अव्यवस्था की शिकायत नहीं मिली है। सभी केंद्रों पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात रहे। रविवार को भी परीक्षा होगी। इसके लिए व्यवस्थाएं कर ली गई हैं।
मंगलसूत्र उतरवाने पर परीक्षार्थी बोली-सुहाग की निशानी नहीं उतारूंगी
टीकाराम कन्या इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर मंगलसूत्र और कुंडल उतरवाने को लेकर एक महिला अभ्यर्थी व कर्मी में बहस हो गई। परीक्षार्थी बोली- “मंगलसूत्र मेरे सुहाग की निशानी है, उसे नहीं उतारूंगी”। इससे महिला परीक्षार्थी और कर्मियों के बीच तू-तू, मैं-मैं होने लगी। कर्मियों ने कहा कि अगर वह मंगलसूत्र और कुंडल नहीं उतारेंगी, तो परीक्षा नहीं देने दिया जाएगा। 10 मिनट की बहसबाजी के बाद परीक्षार्थी सुनीता देवी मंगलसूत्र और कुंडल उतारने राजी हुई।
परीक्षार्थियों के बैग रखने में दुकानदारों ने की कमाई
शहर से लेकर देहात क्षेत्रों में बने 37 परीक्षा केंद्रों के आसपास दुकानदारों ने परीक्षार्थियों के बैग रखने में खूब कमाई की। उन्होंने बैग में रखने के लिए परीक्षार्थियों से 50 से लेकर 100 रुपये तक वसूली की।