अलीगढ़: बहन को बाइक पर दवा दिलाने जा रहे थे दो सगे भाई, सड़क हादसे में तीनों की दर्दनाक मौत
दो भाइयों और वहन की सड़क हादसे में मौत होने के बाद पुलिस ने गाड़ी के कागजों के आधार पर शिनाख्त की और परिजनों को सूचित किया। मौके पर पहुंचे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विस्तार
अकराबाद के लधौआ निवासी दो भाई अपनी बहन को दवाई दिलाकर बाइक से घर लौट रहे थे लेकिन रास्ते में अज्ञात वाहन की टक्कर लगने से तीनों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद घर पर सूचना पहुंचते ही वहां कोहराम मच गया।
लधौआ निवासी दो भाई ध्यान पाल सिंह (28) और वीरपाल सिंह (40) पुत्र महाराज सिंह अपनी बहन सुमन देवी (32) पत्नी विनोद बघेल निवासी लेखराजपुर लोधा को दवा दिलाने के लिए बाइक पर सवार होकर शुक्रवार तड़के पांच बजे बजे गोपी जा रहे थे। अकराबाद क्षेत्र गोपी के निकट रेस्टोरेंट पर पहुंचते ही कोई अज्ञात वाहन उनकी बाइक को टक्कर मारता हुआ भाग गया। घटना में तीनों लोग बुरी तरह घायल हो गए और कुछ ही देर तड़पने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर राहगीर एवं ग्रामीण एकत्रित हो गए और पुलिस को सूचित किया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। तीनों को जिला अस्पताल मलखान सिंह लेकर आए, जहां डॉक्टर ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी बाइक के कागजों के आधार पर परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सभी परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। उधर सुमन देवी की ससुराल में भी घटना की जानकारी दे दी गई। सूचना मिलते ही ससुरालीजन जिला अस्पताल मलखान सिंह आ गए, जहां परिवार जनों का रो रोकर बुरा हाल हो गया है। पुलिस ने बताया कि टक्कर मारने वाले वाहन के लिए जांच की जा रही है।