योगी ने बताई इस तस्वीर की कहानी, बोले- बंदरों से डरें नहीं, करें हनुमान चालीसा का पाठ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बंदरों के हमलों से बचने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मथुरा-वृन्दावन वासियों को सुझाव दिया है कि वे हनुमान जी की नियमित पूजा करें व हनुमान चालीसा का पाठ करें, जिससे बंदर उन्हें नुकसान नहीं पहुंचाएंगे। मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के पर्यटन विभाग द्वारा शुक्रवार को वृन्दावन के अक्षय पात्र परिसर में आयोजित ब्रज विकासोत्सव कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आए थे।
इसी दौरान स्थानीय लोगों ने उनसे क्षेत्र में बंदरों से परेशान होने की शिकायत की। वृंदावन में बंदरों के आतंक की शिकायत पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हनुमान चालीसा पाठ की सलाह देते हुए बंदरों पर अत्याचार करने से बचने का भी सुझाव दिया। उन्होंने बंदर के साथ मित्रता की कहानी सुनाई।
फोटो की बताई कहानी
योगी ने कहा कि आप लोगों ने एक फोटो देखा होगा जिसमें बंदर उनकी गोदी में बैठा है और वह अपने ऑफिस में काम कर रहे हैं। वो फोटो गोरखपुर का है। दरअसल, वो अपने आश्रम में घूम रहे थे। इसी दौरान एक बंदर ठंड से ठिठुरता हुआ उनके पास आकर बैठ गया।
उन्होंने तत्काल फल मंगवाएं और बंदर को दे दिए। बंदर चला गया। अगले दिन फिर आ गया। फल खाकर फिर चला गया। जब वो दफ्तर में काम करते थे तब बंदर उनकी गोद में आकर बैठ जाता था। एक दिन एक कार्यकर्ता आया और उसने बंदर को भगाना चाहा। इस पर बंदर बिगड़ गया।
अगले दिन जब वो कार्यकर्ता आया तो बंदर ने उसे पकड़ लिया और जाने नहीं दिया। जब वो पहुंचे तो बंदर चला गया। उन्होंने कहा कि जानवर भी प्यार के भूखे होते हैं। इसलिए बंदरों को भगाने का काम मत करो। बंदर से प्रेम करोगे तो वे आपके लिए समस्या नहीं, बल्कि लाभदायक हो जाएंगे।