टूंडला(फिरोजाबाद)। लॉकडाउन के दौरान बिना मास्क के घर से निकलने वाले लोगों के जमकर चालान किए। टूंडला, नगला बीच, पचोखरा और नगला सिंघी पुलिस ने हजारों रुपये का जुुर्माना भी वसूला। थाना पुलिस ने थाना प्रभारी जेएन अस्थाना के निर्देशन में दीपा का चौराहा, सुभाष चौराहा पर चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने बिना मास्क के बाइक, कार, बड़े वाहनों में चलने वालों के चालान काटे और हजारों रुपये का राजस्व वसूला। इस दौरान एसआई विनोद चौहान, सिटी इंचार्ज आदित्य सिंह आदि मौजूद रहे। नगला सिंघी क्षेत्र के गांव गार्डन पुल, बनकट व बालमपुर में बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग की गई।
थानाध्यक्ष दिनेश कुमार सिंह ने बिना मास्क के घूमने वाले व्यक्तियों के चालान काटे। उन्होंने सात दुपहिया वाहनों के चालान कर 1650 रुपये समन शुल्क वसूल किया। थाना नारखी के नगला बीच में 12 लोगों का स्थानीय पुलिस ने चालान कर उन्हें कोरोना की पाठशाला में पाठ भी पढ़ाया। चौकी इंचार्ज आशीष कुमार सिंह ने बेवजह घूम रहे लगभग 12 लोगों के चालान काटे और समन शुल्क वसूल किया। वहीं पचोखरा पुलिस द्वारा भी अभियान चलाकर बिना मास्क के घरों से बाहर निकलने वाले लोगों के चालान काटे गए। साथ ही उन्हें कोरोना का पाठ पढ़ाया गया। वहीं राजा का ताल चौकी प्रभारी राजीव चित्रांश ने भी अभियान चलाकर बिना मास्क के घूमने वाले लोगों के चालान काटे।