यूपी पंचायत चुनाव: आपत्तियों का हुआ निस्तारण, जानिए कब जारी होगी अंतिम आरक्षण सूची
- शुक्रवार को जारी होगी प्रधान, बीडीसी, ब्लाक प्रमुख एवं जिला पंचायत सदस्य पदों के आरक्षण की अंतिम सूची
- 904 आपत्तियां हुई निस्तारित, आरक्षण में बदलाव की संभावना कम, अधिकांश तथ्यपरक नहीं थीं आपत्तियां
विस्तार
फिरोजाबाद जिले में त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के आरक्षण की अंतिम सूची प्रशासन शुक्रवार को जारी करेगा। सभी पदों के लिए आईं कुल 904 आपत्तियों के निस्तारण करने के साथ ही अंतिम सूची पर हस्ताक्षर किए जाने का काम ब्लाकवार प्रारंभ कर दिया गया। जिला पंचायतीराज अधिकारी (डीपीआरओ) नीरज कुमार सिन्हा ने बताया कि अंतिम आरक्षण की सूची शुक्रवार को चस्पा करा दी जाएगी।
जिले के 564 ग्राम प्रधान, 7196 ग्राम पंचायत सदस्य, 817 क्षेत्र पंचायत एवं 33 जिला पंचायत सदस्यों के साथ नौ ब्लाक प्रमुख पदों के आरक्षण की अनंतिम सूची जिला प्रशासन ने 20 मार्च को जारी की थी। अनंतिम सूची जारी होने के बाद तीन दिन तक आपत्तियां ली गईं। 23 मार्च तक पंचायतीराज विभाग को कुल 904 आपत्तियां प्राप्त हुई थीं।
गुरुवार सुबह तक हुआ निस्तारण
पंचायतीराज विभाग आपत्तियों का निस्तारण करने में जुटा रहा। पंचायतीराज विभाग को उन आपत्तियों को निस्तारण में अधिक समय लगा, जिसमें पुराने आंकड़े दर्शाते हुए आरक्षण में बदलाव किए जाने की बात कही गई थी। गुरुवार को सुबह तक आपत्तियों का निस्तारण करके सभी पदों के अंतिम आरक्षण जारी किए जाने के लिए प्रिंट कराने का काम प्रारंभ कर दिया गया।
ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य पदों के साथ नौ ब्लाक प्रमुख पदों का आरक्षण जिला स्तर पर तय होने के बाद इस पर डीपीआरओ एवं सीडीओ के हस्ताक्षर होंगे। इसके बाद जिलाधिकारी के हस्ताक्षर होने के साथ अंतिम आरक्षण की सूची को जारी कर दिया जाएगा। डीपीआरओ नीरज कुमार सिन्हा ने कहा कि 904 आपत्तियों का निस्तारण कर दिया है। अंतिम सूची शासन से तय तिथि के अनुरूप जारी कर दी जाएगी।
आपत्ति दर्ज कराने वाले लेते रहे टोह
आरक्षण पर आपत्ति दर्ज कराने वाले कई दावेदार गुरुवार को विकास भवन के आस-पास सक्रिय दिखाई दिए। लिपिक तथा स्टाफ के माध्यम से आपत्ति के निस्तारण में क्या हुआ इसकी जानकारी प्राप्त करते रहे। चिंता यही दिखाई दी कि कहीं आरक्षण में बदलाव होने की गुंजाइश तो नहीं है।