यूपी पुलिस के दो सिपाहियों की गुंडागर्दी, चौराहे पर व्यापारी को रोककर छीने दो हजार रुपये
- व्यापारी की दुकान पर भीड़ होने का आरोप लगाकर दी थी जेल भेजने की धमकी
- अधिकारियों से शिकायत करने पर सिपाहियों ने व्यापारी को रुपए लौटाए, माफी मांगी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के लोहामंडी बाजार में पंसारी की दुकान पर भीड़ लगने की बात कहकर दो सिपाहियों ने व्यापारी को जेल भेजने की धमकी दी। आरोप है कि दो हजार रुपये मांगे। व्यापारी के मना करने पर सिपाही चले गए। घर जाते समय व्यापारी को रोक लिया और जेल भेजने की कहने लगे। जेब में रखे दो हजार रुपये छीनने के बाद छोड़ा।
पीड़ित व्यापारी ने बाजार कमेटी पदाधिकारियों के साथ एसपी सिटी से शिकायत की। उन्होंने जांच के आदेश किए। इसके बाद सिपाही व्यापारी को दो हजार रुपये लौटा गए, माफी भी मांगी। हालांकि जांच चल रही है। सोशल मीडिया पर यह मामला वायरल हो गया।
थाना लोहामंडी के सिरकी मंडी निवासी रामकुमार खंडेलवाल ने बताया कि उनकी लोहामंडी बाजार में कुंदनलाल पंसारी के नाम से दुकान है। 10 नवंबर को दिवाली की खरीदारी की वजह से बाजार में भीड़ थी। तभी दो सिपाही आए। वे दुकान के आगे सामान रखा होने पर कार्रवाई का भय दिखाने लगे। कहा कि दुकान पर भीड़ लगी है। धमकी दी कि कार्रवाई करा देंगे। चालान कट जाएगा।
रामकुमार खंडेलवाल ने बताया कि वह मास्क लगाकर बैठे थे। भीड़ बाजार में थी। उनकी दुकान पर दो-तीन ग्राहक ही थे। इसके बावजूद सिपाहियों ने कार्रवाई की बात कही। बाद में दो हजार रुपये की मांग करने लगे। लेकिन, उन्होंने मना कर दिया। रात करीब 9:30 बजे वह घर जा रहे थे। नौबस्ता चौराहे पर सिपाहियों ने रोक लिया और जेल भेजने की धमकी देने लगे। बाद में जेब में रखे दो हजार रुपये छीन लिए।
बाजार कमेटी के पदाधिकारियों ने की शिकायत
पीड़ित व्यापारी एसएसपी बबलू कुमार से मिलने गए, लेकिन उनके कोरोना पॉजिटिव होने के कारण मुलाकात नहीं हो सकी। बाद में एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद से शिकायत की। इस दौरान बाजार कमेटी के पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
उन्होंने कहा कि कोरोना काल में व्यापार कम है। यदि पुलिस उत्पीड़न करेगी तो उनका व्यापार करना मुश्किल हो जाएगा। सिपाही इस तरह की हरकत कई बार कर चुके हैं, लेकिन डर की वजह से व्यापारी नहीं बोलते। इस पर एसपी सिटी ने मामले में जांच के आदेश किए। सिपाहियों को बयान के लिए बुलाया गया।
माफी मांगी, बयान नहीं देने जाने को कहा
17 नवंबर को दोनों सिपाही रामकुमार खंडेलवाल के पास आए। उनसे माफी मांगी। कहा कि आगे से ऐसा नहीं करेंगे। इसके बाद दो हजार रुपये लौटा दिए। सिपाहियों ने यह भी कहा कि अब अपनी शिकायत वापस ले लें। बयान दिए तो उन पर कार्रवाई होगी। हालांकि व्यापारी का कहना है कि ऐसे पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापारियों को इस तरह ही परेशान किया जाता रहेगा। एसपी सिटी का कहना है कि जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।