मकान से नकदी और कीमती सामान चोरी: कमरे में सो रहे दंपती को कुंडी लगाकर किया बंद, फिर इत्मिनान से की वारदात
अलमारी में रखी नकदी और आभूषण भी गायब थे। घटना की जानकारी उसने 112 नंबर पर कॉल करके दी। चोरी की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई और जांच पड़ताल में जुट गई।
विस्तार
आगरा के थाना कागारौल क्षेत्र में चोरों के हौंसले बुलंद हैं। चोर लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। बीती रात चोरों ने एक घर को अपना निशाना बनाया। चोर हजारों की नगदी समेत लाखों रुपए के जेवरात चोरी कर ले गए। चोरी की सूचना पर पुलिस पहुंच गई और पीड़ित से घटना की जानकारी लेकर छानबीन में जुट गई है।
यहां की है घटना
घटना बीती रात कागारौल के गांव बास सुजान की है। पीड़ित संजय चाहर के अनुसार वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ कमरे में सो रहे थे। रात में चोर बगल के कमरे का जंगला तोड़कर घर में घुस गए। चोरों ने जिस कमरे में वो सो रहे थे उसके गेट की बाहर से कुंडी लगा दी। घर में सभी सदस्य आराम से सोते रहे और चोरों ने कमरे को इत्मीनान से खंगाल डाला। कमरे में रखी अलमारी को खोलकर उसमें रखी 15 हजार की नगदी समेत लाखों रुपए के सोने चांदी के आभूषण चोरी करके भाग निकले।
ये भी पढ़ें - आगरा में बोले सीएम योगी: अयोध्या में श्रीराम मंदिर के साथ ही काशी में हुआ बड़ा बदलाव, अब बृज की बारी
इस तरह हुई चोरी की जानकारी
घटना की जानकारी पीड़ित को सुबह तीन बजे लघुशंका जाने पर हुई। उसने अपने कमरे का दरवाजा खोला तो खुला नहीं। उससे आभास हो गया कि दरवाजा किसी ने बाहर से बंद कर दिया है। उसने अपने भाई महेंद्र को कॉल करके बुलाया और कुंडी खुलवाई। कमरे के अंदर का नजारा देखकर उसके पैरो तले जमीन खिसक गई। अलमारी खुली पड़ी थी, समान इधर उधर अस्त व्यस्त और बिखरा पड़ा था। अलमारी में रखी नकदी और आभूषण भी गायब थे। घटना की जानकारी उसने 112 नंबर पर कॉल करके दी। चोरी की सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंच गई और जांच पड़ताल में जुट गई।
दो सप्ताह में पांच वारदातें
बता दें कागारौल के अलग-अलग क्षेत्रों से करीब दो सप्ताह में पांच चोरियां हुई हैं। मामले में थाना प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र पांडेय ने बताया है कि चोरी की घटना की सूचना मिली है। मौके पर जाकर जांच पड़ताल कर रहे हैं। जांच पड़ताल के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।