टूंडला(फिरोजाबाद)। न्यू इंद्रानगर में ठेकेदार द्वारा इंटरलॉकिंग कार्य गुणवत्तापूर्ण न कराने पर स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। कार्य से असंतुष्ट आरोप लगाया कि ठेकेदार ने इंटरलॉकिंग के दौरान गिट्टी का इस्तेमाल न के बराबर किया है। सड़क बनने से पहले ही बैठने लगी है। वार्ड नंबर 22 न्यू इंद्रानगर में इन दिनों इंटरलॉकिंग कार्य कराया जा रहा है। कार्य की गुणवत्ता से असंतुष्ट लोगों का आरोप है कि ठेकेदार ने गलियों में इंटरलॉकिंग से पूर्व गिट्टी नहीं डाली।
जहां डाली भी है तो न के बराबर। बालू का प्रयोग ज्यादा किया जा रहा है। नालियां भी बिना बनाए छोड़ी जा रही हैं। नतीजतन इंटरलॉकिंग जगह-जगह धंसने लगी है। प्रदर्शन कर रहे गुड्डी देवी, रामवीर सिंह, संजय कुमार, जय दयाल, रीना देवी, महीपाल, अशर्फी देवी, मुन्नी देवी, राहुल, अभिषेक, राजकली देवी आदि का कहना है कि ठेकेदार से शिकायत करने पर कोई सुनवाई नहीं होती। बरसात होने पर सड़क पूरी तरह से बैठ जाएगी।