Taj Mahal: ‘सर, मोहलत बढ़ा दीजिए, दीपावली हो जाएगी काली’, ताजगंज के लोगों ने आयुक्त से लगाई गुहार
ताजगंज संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष नितिन सिंह ने आयुक्त अमित गुप्ता से बंदी की तारीख बढ़ाने की गुहार लगाई। उन्होंने कहा कि नोटिस में दी गई 17 अक्तूबर की तारीख बढ़ा दीजिए अन्यथा दीपावली काली हो जाएगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सर, त्योहारी सीजन शुरू हुआ है। दो साल की महामारी के बाद पर्यटक अब आ रहे हैं, लेकिन एडीए के नोटिस ने चैन और सुकून छीन लिया है। नोटिस में दी गई 17 अक्तूबर की तारीख बढ़ा दीजिए अन्यथा दीपावली काली हो जाएगी। आयुक्त अमित गुप्ता से यह गुहार ताजगंज संयुक्त संघर्ष समिति के अध्यक्ष नितिन सिंह ने लगाई। वह छावनी के विधायक डॉ. जीएस धर्मेश व ताजगंज के लोगों के साथ सोमवार को दोपहर में आयुक्त से मिलने गए थे। हालांकि आयुक्त ने साफ कह दिया कि इस मामले में वह कोई मदद नहीं कर पाएंगे।
समिति अध्यक्ष नितिन सिंह और ताहिरुद्दीन ताहिर ने बताया कि कोर्ट के आदेश में तारीख का जिक्र नहीं है। एडीए ने 17 अक्तूबर तक कारोबार बंद करने का मनमाना आदेश जारी किया है। दशहरा, बारावफात, दीपावली का त्योहार इसी माह में है। व्यापारी लाखों रुपये का माल स्टॉक कर चुके हैं। ऐसे में जो कार्रवाई की जाए, वह दीपावली के बाद की जाए। इस दौरान समिति सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका दायर करने की तैयारी भी कर लेगी। सोमवार को ताजगंज के लोगों ने याचिका के लिए दिल्ली में अधिवक्ताओं से मुलाकात भी की।
फरवरी तक की बुकिंग हो रही कैंसिल
कोरोना महामारी के बाद इस अक्तूबर से विदेशी पर्यटकों ने ताजमहल का रुख किया है। ताजगंज क्षेत्र के उन होटलों पर अच्छी बुकिंग थीं, जहां से ताजमहल नजर आता है। कम बजट वाले और बैक पैक पर्यटकों के लिए ताजगंज के बजट होटल पहली पसंद रहे हैं। ऐसे में दक्षिणी गेट, पूर्वी गेट और पश्चिमी गेट के होटलों में फरवरी तक की ऑनलाइन बुकिंग हो चुकी थी, पर अब यह कैंसिल हो रही हैं।
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश चौहान ने बताया कि उनके संगठन के सदस्यों के होटल ताजगंज में हैं। पर्यटकों ने फरवरी तक ऑनलाइन बुकिंग कर दी, अब उन्हें कैंसिल करने पर पर्यटक नाराज हो रहे हैं। छवि भी खराब हो रही है।
दुकानों पर माल की होने लगी कमी
एडीए ने बैरियर लगाकर 500 मीटर के अंदर माल की डिलीवरी रोकने के आदेश दिए हैं, जिसके बाद ताजगंज क्षेत्र में माल की आपूर्ति न होने से बाजार में इसकी कमी होने लगी है। कपड़े, रोजमर्रा की जरूरत, खाने-पीने, पानी, पैक्ड जूस आदि की गाड़ियों को रोका जा रहा है।
संघर्ष समिति के अध्यक्ष नितिन सिंह ने कहा कि जो लोग यहां रह रहे हैं, उनकी जरूरत का सामान, दवाएं अगर रोक दी जाएंगी तो लोग कैसे रहेंगे। आसपास कोई बाजार नहीं, जहां से सामान लाया जा सके। बुजुर्ग और अशक्त लोगों को पड़ोस की दुकान से ही जरूरत का सामान मिलता है।