{"_id":"64d0b045a42ee587860a3958","slug":"neeraj-yadav-murder-case-police-arrested-three-accused-in-encounter-one-was-shot-in-leg-admitted-to-hospital-2023-08-07","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"नीरज यादव हत्याकांड: पुलिस ने मुठभेड़ में तीन आरोपी किए गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली, कराया गया भर्ती","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
नीरज यादव हत्याकांड: पुलिस ने मुठभेड़ में तीन आरोपी किए गिरफ्तार, एक के पैर में लगी गोली, कराया गया भर्ती
Mon, 07 Aug 2023 02:20 PM IST
धीरेन्द्र सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजाबाद
संवाद न्यूज एजेंसी, फिरोजाबाद
Published by: धीरेन्द्र सिंह
Updated Mon, 07 Aug 2023 02:20 PM IST
सार
फिरोजाबाद के चर्चित नीरज हत्याकांड के तीन आरोपियों को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस फायरिंग के दौरान एक आरोपी को पैर में गोली लगी, जिससे वो घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।
विज्ञापन
पुलिस मुठभेड़
- फोटो : amar ujala
विस्तार
फिरोजाबाद के थाना लाइनपार पुलिस एवं एसओजी टीम ने रूपसपुर पुल के समीप चेकिंग के दौरान रविवार तड़के हुई मुठभेड़ में नीरज उर्फ नीरू हत्याकांड के तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त कर ली। मुठभेड़ के दौरान मुख्य आरोपी पंचम सिंह पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे उपचार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। तीनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया। नीरू हत्याकांड के दो आरोपित अभी फरार हैं।
विज्ञापन
थाना लाइनपार क्षेत्र के ठार कामरान निवासी नीरज यादव उर्फ नीरू (28) की 28 जुलाई को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। परिजन की तहरीर पर पुलिस ने ठार नेपाल निवासी पंचम सिंह पुत्र रघुशौहर तथा उसके दो पुत्रों सनोज और सचिन के अलावा ठार बालकराम निवासी दो सगे भाइयों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराया था। पुलिस तभी से हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी थी। रविवार को तड़के थानाध्यक्ष लाइनपार सचिन कुमार एवं एसओजी टीम मुखबिर की सूचना पर तड़के रूपसपुर के समीप चेकिंग कर रही थी।
विज्ञापन
विज्ञापन
चेकिंग के दौरान बाइक पर सवार होकर तीन लोग आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस को निशाना बनाते हुए फायरिंग करनी शुरू कर दी। पुलिस ने खुद का बचाव करते हुए फायरिंग करते हुए तीनों की घेराबंदी की। मुठभेड़ के बाद पकड़े गए आरोपियों से पुलिस ने पूछताछ की तो गोली लगने से घायल हुए आरोपी ने अपना नाम ठार नेपाल निवासी पंचम सिंह पुत्र रघुशौहर तथा दो अन्य उसके पुत्र सनोज एवं सचिन बताया है। पुलिस ने तीनों के कब्जे से तीन तमंचा के साथ कारतूस बरामद किए हैं। तीनों नीरज उर्फ नीरू हत्याकांड में वांछित चल रहे थे।