Agra: सीएम योगी के आदेश के 38 दिन बाद भी नहीं बदले हालात, पुलिस चौकी से 10 कदम पर अवैध ऑटो स्टैंड
मुख्यमंत्री के आदेश के बाद भी आगरा की सड़कों पर हालात नहीं बदले हैं। कई जगहों पर अवैध रूप से ऑटो रिक्शा खड़े होते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी ने 20 मई को 24 घंटे में सड़कों से अवैध ऑटो व बस स्टैंड और अतिक्रमण हटाने के आदेश दिए थे। 38 दिन बाद भी आगरा की सड़कों पर हालात नहीं बदले। चौराहों पर न ऑटो-रिक्शा खड़े होना बंद हुए और न ही ठेल-ढकेल। 21 मई को डीएम प्रभु एन सिंह ने कार्रवाई के लिए थानों के अनुसार मजिस्ट्रेट तैनात किए थे। कार्रवाई के नाम पर रस्म अदायगी हुई। सड़कें व्यवस्थित नहीं हो सकीं। मंगलवार को बोदला, सिकंदरा, भगवान टॉकीज व वाक्टरवर्क्स की हकीकत बयां करती अमर उजाला की रिपोर्ट।
बोदला चौराहा : सिकुड़ कर 10 फुट रह गई सड़क
बोदला चौराहे पर पुलिस बूथ व चौकी है। लोहामंडी रोड पर चौकी से दस कदम दूर ही अवैध ऑटो स्टैंड है। मंगलवार शाम 4:10 बजे यहां सड़क पर ऑटो चालक सवारियां भर रहे थे। इससे यहां जाम लग रहा था। सड़क सिकुड़ कर 10 फुट रह गई। वहीं, बिचपुरी रोड पर भी ठेलें खड़ी थीं।
सिकंदरा चौराहा : अवैध ऑटो स्टैंड नहीं हटा
यहां अपराह्न 3:15 बजे पुलिस बूथ के सामने सड़क पर फल वालों की ठेलें खड़ी थीं। बोदला रोड की तरफ फ्लाईओवर तक सड़क से ही ऑटो सवारियां भर रहे थे। पुलिस बूथ से 20 कदम दूर गुरुद्वारा रोड पर लाइन से ऑटो खड़े थे। यहां अवैध ऑटो स्टैंड नहीं हटा। सुबह 8 से 9 और शाम 6 से 8 बजे तक यहां हर रोज जाम लगता है।
भगवान टॉकीज : सड़क पर खड़े हो रहे वाहन
शहर का प्रवेश द्वार कहे जाने वाले भगवान टॉकीज पर फ्लाईओवर के नीचे वाहन स्टैंड है, लेकिन सिनेमाघर के सामने ही ऑटो, रिक्शा व बसें खड़ी होती हैं। दोपहर 2:45 बजे भी यही हाल था। न्यू आगरा थाने के सामने अतिक्रमण था। सड़क घिरने से निकलने के लिए रास्ता नहीं रहा। श्री टॉकीज तक सड़क पर ठेलें खड़ी थीं।
वाटरवर्क्स : हादसे के बाद भी नहीं बदले हालात
दोपहर 2:15 बजे वाटरवर्क्स चौराहे पर अतिथिवन के सामने ऑटो, बस स्टैंड और पथकर विक्रेताओं ने सड़क घेर रखी थी। रोडवेज की बसें भी यहीं रुक कर सवारियां ले रहीं थीं। वाहन के इंतजार में लोग सड़क पर खड़े थे। पिछले महीने यहां बस की चपेट में आने से दंपती की मौत हो चुकी है, फिर भी यहां हालत नहीं बदल सके।
दोबारा अतिक्रमण हुआ
एडीएम सिटी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि अवैध ऑटो स्टैंड हटाए गए थे। दोबारा अतिक्रमण हुआ है तो कार्रवाई करेंगे। सड़कों को व्यवस्थित किया जा रहा है। कमिश्नर अमित गुप्ता ने कहा कि सभी विभागों की जिम्मेदारी तय की गई थी। डीएम आगरा से रिपोर्ट मांगी जाएगी। जिन स्थानों के बारे में बताया है वहां औचक सत्यापन कराएंगे। अवैध ऑटो व वसूली पर रोक लगेगी।