पत्नी के थप्पड़ से नाराज पति ने रची हत्या की साजिश, दो लाख में किया जान का सौदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा में झगड़े के दौरान पति को पत्नी ने थप्पड़ मार दिया। इससे नाराज पति ने उसे जान से मारने की साजिश रच डाली। भाड़े के शूटरों से उस पर जानलेवा हमला कराया। पुलिस ने शनिवार को घटना का खुलासा आरोपी पति और शूटरों को गिरफ्तार कर किया। वहीं गोली लगने से घायल महिला का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है।
एटा जनपद के अवागढ़ क्षेत्र निवासी गीता उर्फ गुंजन, पुत्री श्रीचंद की शादी फरवरी 2013 में थाना एत्माद्दौला की शिवानी धाम कॉलोनी निवासी मनीष वीर सिंह पुत्र उदयवीर सिंह के साथ हुई थी। 28 मई की रात को गीता को छत पर सोते समय गोली मारी गई थी। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
इंस्पेक्टर थाना एत्माद्दौला ने बताया कि मनीष वीर सिंह के एक महिला से अवैध संबंध के शक में पत्नी गीता से उसका आए दिन झगड़ा होता था। कुछ दिन पहले झगड़े के दौरान गीता ने पति को थप्पड़ मार दिया था। इस दौरान उसने मनीष के हाथ पर काट भी खाया था। इससे मनीष नाराज हो गया। उसने पत्नी को रास्ते से हटाने का प्लान बनाया।
तीन हमलावरों ने किया था हमला
मनीष ने दो लाख रुपये में राहुल तोमर निवासी मायापुरी कालोनी (एत्माद्दौला), राहुल अंडा उर्फ राहुल यादव और बॉबी चौहान निवासी शिवानी धाम कालोनी को दो लाख रुपये में सुपारी दी। घटना के दिन तीनों हमलावर आ गए। उन्होंने छत पर जाकर गीता को गोली मार दी। इसके बाद नीचे से भाग गए।
इसी दौरान मनीष के दोस्त ने उन्हें एक्टिवा और दस हजार रुपये भी दिए थे। पुलिस ने शनिवार को आरोपी मनीष वीर सिंह, राहुल तोमर और बॉबी चौहान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं एक आरोपी राहुल अंडा फरार है। बॉबी चौहान और राहुल अंडा ने पूर्व में ढाई लाख रुपये में फिरोजाबाद में हत्या की थी।