हमीरपुर हादसा: ईको कार ने बाइक का रौंदा, दो युवकों की मौत, ग्रामीणों ने पकड़ा वाहन, परिजनों में मचा कोहराम
Hamirpur News: राठ-जलालपुर मार्ग पर रहटिया गांव के पास ईको कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक एक मौरंग खंड से दूसरे मौरंग खंड जा रहे थे। वहीं, हादसे के बाद ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से ईको कार को पकड़ लिया।
विस्तार
हमीरपुर जिले में राठ-जलालपुर मार्ग पर रहटिया गांव के पास मंगलवार दोपहर ईको कार की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। दोनों युवक मौरंग खंड से दूसरे मौरंग खंड जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस की मदद से ईको कार को पकड़ लिया।
बिवांर थाना क्षेत्र के लोदीपुर निवादा गांव निवासी अजय कुमार (25) पुत्र काशीप्रसाद और दीपक सिंह (26) पुत्र अदबल सिंह बाइक से जरिया थाना क्षेत्र के इछौरा स्थित मौरंग खंड से भेड़ी डांडा स्थित मौरंग खंड जा रहे थे। मंगलवार दोपहर करीब 12:30 बजे रहटिया गांव के पास जलालपुर से ममना की ओर जा रही ईको कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। ईको कार में चार से पांच लोग सवार बताए जा रहे हैं। सभी जालौन जिले के चुरखी क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं। हादसे की सूचना पर डायल 112 और जलालपुर थाना प्रभारी निरीक्षक रवि किशन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ईको कार को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।
